चोरों ने मकान पर किया हाथ साफ
पलवल। कैंप थाना क्षेत्र के अंतर्गत मकान का ताला तोड़कर चोर नकदी सहित अन्य सामान लेकर फरार हो गए। पुलिस ने पीड़ित व्यक्ति की शिकायत पर चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। जांच अधिकारी हरीचंद ने बताया कि हरीनगर निवासी राजेंद्र सिंह 25 अक्तूबर की रात को वह अपने घर के अंदर सोए हुए थे। उसी दौरान चोर अलमारी का ताला तोड़कर 15 हजार रुपये की नकदी, दो गैस सिलिंडर व अन्य सामान को चोरी कर ले गए। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
महिला से छेड़छाड़ करने पर मामला दर्ज
पलवल। महिला को घर में अकेला देख उसके साथ छेड़छाड़ करने का मामला प्रकाश में आया है। महिला थाना पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर नामजद आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। जांच अधिकारी पुष्पा ने बताया कि एक 30 वर्षीय पीड़िता महिला ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है कि गत 22 अक्तूबर की देर शाम वह घर पर अकेली थी। उसी दौरान गांव घासैड़ा निवासी महावीर घर के अंदर आ गया और पीड़िता के साथ छेड़छाड़ करने लगा। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दहेज उत्पीड़न के आरोप में मामला दर्ज
पलवल। दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर विवाहिता के साथ मारपीट करने व जान से मारने की धमकी देकर घर से निकालने का मामला प्रकाश में आया है। शहर थाना पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर उसकी सुसराल पक्ष के चार नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। हथीन गेट चौकी इंचार्ज संजय कुमार के अनुसार गांव कारना निवासी पूनम ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है कि उसकी शादी राजस्थान के आलमपुर निवासी पारस के साथ हुई थी। शादी में पीड़िता के मायके वालों ने दान-दहेज भी दिया था। लेकिन पूनम के सुसराल पक्ष के लोग उस दहेज से संतुष्ट नहीं हैं वह आए दिन दहेज लाने के लिए उसे प्रताड़ित करते हैं। पीड़िता द्वारा दहेज लाने में अमसर्थता जताने पर उसके साथ उसके पति पारस, सास गुलाबी, जेठ प्रताप व जेठानी सुनीता ने मारपीट की और जान से मारने की धमकी देकर घर से निकाल दिया। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।