डीआरएम ने किया पलवल रेलवेस्टेशन का निरीक्षण
अमर उजाला ब्यूरो
पलवल। उत्तर रेलवे के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) आरएन सिंह ने शनिवार को पलवल रेलवे स्टेशन का निरीक्षण कर सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने रेलवे स्टेशन पर नए बने टिकट घर व आरक्षण केंद्र के भी निरीक्षण किया तथा कहा कि 15 दिन के अंदर इसे शुरू करा दिया जाएगा। डीआरएम सिंह ने एफओबी का भी निरीक्षण किया तथा इसकी चौड़ाई को दोगुना करने का भी एलान किया। डीआरएम शनिवार की सुबह करीब 11.30 बजे रेलवे स्टेशन पर पहुंचे। उनके साथ उत्तर रेलवे के और भी कई अधिकारी थे।
पलवल रेलवे स्टेशन पर दोनों सुविधाएं मिलने से दैनिक रेल यात्रियों को काफी फायदा मिलेगा। पहले से बना हुआ टिकट घर व आरक्षण केंद्र में पर्याप्त स्थान न होने के चलते यहां कई बार तो इतनी भीड़ हो जाती है कि लोग टिकट भी नहीं खरीद पाते। आरक्षण कराने वालों को भी घंटों का इंतजार करना पड़ जाता है। वहीं एफओबी की चौड़ाई मात्र आठ फुट है तथा वह जर्जर हालत में भी पहुंच चुका है। पलवल रेलवे स्टेशन से प्रतिदिन करीब 25 हजार दैनिक यात्री सफर करते हैं। जब ट्रेन आती है, कई बार तो यात्री 10 से 15 मिनट तक एफओबी तक पहुंचने का इंतजार करते रह जाते हैं तथा भीड़ की अधिकता के कारण कई लोगों की ट्रेन भी छूट जाती हैं। दैनिक रेल यात्री संघ के पदाधिकारियों ने दोनों सुविधाओं को जल्दी से जल्दी शुरू कराने की मांग की है।