बिजली निगम को पांच करोड़ तीस लाख का चूना लगाया
अमर उजाला ब्यूरो
हथीन। दक्षिणी हरियाणा बिजली वितरण निगम को एक कॉन्ट्रेक्टर फर्म ने फर्जी बिल एवं बोगस वेरिफिकेशन कराकर कथित रूप से पांच करोड़ तीस लाख रुपये ठग लिए। इस मामले में निगम के अधीक्षण अभियंता मनोज यादव ने कांट्रेक्टर फर्म दूहन इलेक्ट्रिक वर्कस गुड़गांव के खिलाफ धोखाधड़ी सहित कई धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया है। हथीन थाना में दर्ज एफआईआर के मुताबिक उक्त फर्म ने इंटीग्रेटिड पॉवर डेवलपमेंट स्कीम के कार्यों में पलवल सर्कल के अंदर कॉन्ट्रेक्टर के तहत काम किया। यह काम हथीन, हसनपुर, सोहना, तावडू, नूंह, फिरोजपुर झिरका, पुन्हाना, नगीना और पिनगंवा में 2017 में शुरू हुए। इसके लिए बिजली निगम एवं कॉन्ट्रेक्टर फर्म के साथ लिखित में करार भी हुआ परंतु कॉन्ट्रेक्टर फर्म ने काम करते समय नियमों का उल्लंघन किया। इस बारे में दक्षिणी हरियाणा बिजली वितरण निगम को शिकायत मिली। शिकायत की जांच दक्षिणी हरियाणा बिजली वितरण निगम के अधीक्षण अभियंता रहे एम.एल रोहिल्ला ने की। अधीक्षण अभियंता के मुताबिक कॉन्ट्रेक्टर फर्म ने पांच करोड़ तीस लाख रुपये अधिक रकम निगम से गलत तरीके से ले ली। निगम के सूत्रों के मुताबिक इस फर्म को शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में नए ट्रांसफार्मर लगाने, कैपेसिटी बढ़ाने और अन्य कार्य सौंपे गए थे। इस मामले में एसएचओ हथीन कुलदीप ने बताया कि मुकदमा दर्ज करके जांच शुरू कर दी गई है। इस बारे में अधीक्षण अभियंता मनोज यादव से पूछा गया तो उनका कहना था कि उन्हें इस बारे में विस्तार से कोई जानकारी नहीं है। हेड क्वाटर से आदेश मिलने के बाद जांच रिपोर्ट के तहत मुकदमा दर्ज कराया गया है।
नाबालिग के साथ गैंगरेप
हथीन। बहीन थाना क्षेत्र के एक गांव में एक नाबालिग लड़की के साथ गैंगरेप किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। महिला थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच अधिकारी प्रवीण ने बताया कि पीड़िता ने बयान दिया है कि दो आरोपी जोकि उसी के गांव के हैं उसके घर में घुस आए और गैंगरेप किया। इस मामले में आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। लड़की का मेडिकल परीक्षण भी कराया जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक जिन दो आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है वे भी नाबालिग हैं। इस बारे में जांच अधिकारी का कहना है कि जो भी तथ्य सामने आयेंगे उसके तहत कार्रवाई की जाएगी।
वाजपेयी की याद में बनेगा पार्क
हथीन। भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी को बीजेपी के स्थानीय कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों ने कार्यक्रम आयोजित कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस मौके पर बीजेपी के जिला महासचिव जय सिंह चौहान एवं सीएम विंडो एमिनेंट सूरज पांडे ने घोषणा की कि दिवंगत पूर्व प्रधानमंत्री के नाम पर हथीन में पार्क एवं पुस्तकालय का निर्माण कराया जाएगा। इसके लिए सीएम के राजनीतिक सचिव दीपक मंगला ने भी सहमति प्रदान कर दी है। उन्होंने बताया कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को हिंदू-मुस्लिम एवं सभी धर्मों के लोगों का आदर प्राप्त था। इस अवसर पर बीजेपी पूर्व सैनिक मोर्चा के स्टेट सह-संयोजक कर्नल राजेंद्र रावत ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री की यादों को चिर-स्थाई बनाने के लिए डोर-टू-डोर कैंपेन शुरू किया जाएगा। इस कैंपेन के तहत पूर्व प्रधानमंत्री के कार्यों के बारे में आम आदमी को जागरूक किया जाएगा। इस अवसर पर प्रेम पांडे, मोतीराम शर्मा, बीजेपी के मंडल महा सचिव सुधीर कुमार, सतीश रावत, ज्ञान सिंह आदि ने भी मौजूद रहे।