अंडे के गोदाम में मारा छापा, नमूने लिए
पलवल। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने शिकायत के आधार पर कैंप मार्केट स्थित एक अंडे वाले के गोदाम पर छापा मारा। इस दौरान टीम ने अंडो के नमूने भी लिए और उन्हें जांच के लिए लैब भेज दिया गया। स्वास्थ्य विभाग टीम के इंचार्ज डॉ. संजय कुमार ने बताया कि जिला सिविल सर्जन को एक शिकायत प्राप्त हुई। शिकायत करने वाले ने कहा कि उसने कैंप मार्केट स्थित बाली अंडे वाले गोदाम से अंडे खरीदे जो कि अंडे खाने में बिल्कुल रबड़ जैसे लगे । अंडो में किसी प्रकार की कोई मिलावट की गई है। जो स्वास्थ्य के लिए हानिकारक है। शिकायत के आधार पर स्वास्थ्य विभाग की टीम बाली अंडे वाले गोदाम पर पहुंची। जहां पर गोदाम को पूरे तरीके से चेक किया गया। इस दौरान टीम ने अंडो को तोड़कर नमूने लिए गए। नमूनों को जांच के लिए लैब भेज दिया गया है। लैब से मिलने वाली जांच रिपोर्ट में किसी प्रकार की कोई गड़बड़ी पाई जाती है तो अंडा गोदाम संचालक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।