प्रेमी ने गला दबाकर की थी महिला की हत्या
- राजमार्ग पर गांव आलापुर के पास छह दिन पहले मिले महिला के शव का मामला
- पुलिस ने मृतका के प्रेमी को किया गिरफ्तार, कहासुनी के दौरान किया था हमला
अमर उजाला ब्यूरो
पलवल। राजमार्ग पर गांव आलापुर के पास छह दिन पहले बरामद 38 वर्षीय महिला के शव के मामले को पुलिस ने सुलझाकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। महिला की हत्या उसके प्रेमी ने ही की थी। उसने महिला के सिर में पहले ईंट मारी फिर उसका गला दबाया और शव को खाली पड़े प्लॉट में डाल दिया था। इस बात का खुलासा फोन कॉल डिटेल के आधार पर आरोपी की गिरफ्तारी के बाद किया गया है।
शहर थाना क्षेत्र में राजमार्ग पर आलापुर के पास खाली प्लॉट में 7 जनवरी की सुबह पुलिस ने महिला का शव बरामद किया था। महिला के पास मिले आधार कार्ड से उसकी पहचान की गई थी। मृतका की बहन शशि के बयान पर शहर थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी थी।
शहर थाना प्रभारी सुमन कुमार ने बताया कि मृतक महिला पूनम गांव ताहरपुर जिला अलीगढ़ (यूपी) की रहने वाली थी। पूनम अपने पति रामबाबू के साथ बल्लभगढ़ में रहती थी। पति के गुजरात जाने के बाद वह अपने मायके ताहरपुर चली गई। यहीं उसकी मुलाकात चांदहट थाना अंतर्गत गांव सदरपुर निवासी जितेंद्र से हुई। जितेंद्र के मामा का घर भी ताहरपुर में ही है। इसलिए उसका यहां आना-जाना लगा हुआ था। करीब 5-6 माह पूर्व दोनों में बातचीत शुरू हुई और बाद में दोनों प्रेमी प्रेमिका बन गए। काफी दिनों तक दोनों का अफेयर चलता रहा। फिलहाल पूनम अपनी बहन के यहां सुभाष कॉलोनी बल्लभगढ़ में रह रही थी।
पुलिस के अनुसार 6 जनवरी को आरोपी ने उसे अपने दोस्त के ऑटो में बैठाया और घुमाने के लिए ले गया। ऑटो चलाने वाला आरोपी का दोस्त था जिसकी अभी पहचान नहीं हो सकी है। रात को केएमपी एक्सप्रेसवे के नजदीक हथीन रोड पर उन्होंने आटो रोका और दोनों आपस में बातचीत करने लगे। इस दौरान दोनों में किसी बात पर कहासुनी होने लगी और जितेंद्र ने उसके सिर में ईंट से हमला कर दिया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई और जमीन पर अचेत हालत में गिर पड़ी। मरी समझ कर जितेंद्र ने उसे ऑटो में डाला और शव को ठिकाने लगाने के लिए फरीदाबाद के लिए चल दिया। गांव आलापुर के नजदीक ऑटो की सीएनजी खत्म हो जाने के कारण उसे वहीं बने खाली प्लॉट में उसे फेंक दिया। जब उसने महिला को प्लॉट में फेंका तो उसके शरीर में कुछ जान थी। इसका पता चलने पर जितेंद्र ने उसका गला दबाया और फिर से उसके सिर र्में इंट से हमला कर उसकी हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया।
शहर थाना प्रभारी सुमन कुमार ने बताया कि महिला मोबाइल को भी आरोपी अपने साथ ले गया था। उसकी कॉल डिटेल जब खंगाली गई तो मामले का खुलासा हो गया। अभी ऑटो चालक की तलाश की जा रही है। आरोपी जितेंद्र पुलिस से छिपकर बैठ गया और खुद को पुलिस से बचाने के लिए इलाहाबाद स्थित कुंभ में जाने की तैयारी करने लगा। लेकिन वहां जाने से पहले ही उसे उसके गांव से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने बताया कि आरोपी को शनिवार को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा। रिमांड के दौरान उससे गहनता से पूछताछ की जाएगी।