अध्यापक सम्मान समारोह का हुआ आयोजन
अमर उजाला ब्यूरो
पलवल। शिव विहार स्थित बीके स्कूल में शुक्रवार को अध्यापक सम्मान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि उप जिला शिक्षा अधिकारी रमेश चंद शर्मा रहे। अध्यक्षता प्राचार्य सतीश कौशिक ने और संचालन उप प्राचार्य संतोष सिंह ने किया। कार्यक्रम में छात्रों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दीं। इस मौके पर हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड द्वारा प्रदान प्रशंसा पत्र प्राचार्य तथा प्रवक्ताओं को प्रदान कर सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में सतीश कौशिक, एकाउंटेंसी प्रवक्ता संतोष सिंह, गणित प्रवक्ता सुखदेव सिंह, हिंदी प्रवक्ता सुरेंद्र सिंह, अंग्रेजी प्रवक्ता विकास जुनेजा तथा अर्थशास्त्र प्रवक्ता भरत लाल शर्मा शामिल रहे।
दो अवैध कालोनियों की तोड़फोड़
पलवल। जिला नगर योजनाकार विभाग द्वारा पलवल नियंत्रित क्षेत्र के गांव पातलीखुर्द में काटी जा रही दो अवैध कॉलोनियों में तोड़फोड़ की गई। विभाग की टीम ने पुलिस की मदद से करीब चार एकड़ में काटी जा रही इन कॉलोनियों में रोड को जेसीबी मशीन से उखाढ़ दिया तथा विकसित की जा रही डीपीसी को तोड़ दिया। इस मौके पर जिला योजनाकार रेणुका सिंह ने कहा कि लोग प्रापर्टी डीलरों के बहावे में आकर अवैध कॉलोनियों में प्लाटों की खरीद-फरोख्त न करें। उन्होंने कहा कि आगे भी इस प्रकार की कार्रवाई जारी रहेगी।
स्काउट एंड गाइड ने रोपे पौधे
अमर उजाला ब्यूरो
पलवल। भारत स्काउट्स एवं गाइड के तत्वावधान में राजकीय माध्यमिक विद्यालय धौलागढ़ में वन महोत्सव मनाया गया। कार्यक्रम में स्काउट्स ने स्कूल मैदान में फलदार व छायादार पौधे रोपे तथा उनकी देखभाल का संकल्प लिया। संस्था की जिला अधिकारी ब्रिजन रानी ने कहा कि पेड़-पौधों का प्रकृति में बहुत बड़ा महत्व है। पेड़-पौधे कार्बन डाइआक्साइड को सोखकर हमें जीवनदायिनी ऑक्सीजन प्रदान करते हैं। इमारती लकड़ी, फल-फूल, औषधियों के अलावा पर्यावरण को संतुलित रखने में योगदान देते हैं। इसलिए बढ़ते प्रदूषण को देखते हुए हमें अधिक से अधिक पौधे रोपने चाहिएं। इस मौके पर मुख्याध्यापिका मुक्ता शर्मा, गजराज, सुषमा, सुनील, सीमा ने भी विचार रखे।