संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। बिजली कर्मचारियों की 22 से 24 अक्टूबर तक प्रस्तावित तीन दिवसीय हड़ताल के मद्देनजर जिला प्रशासन ने कानून एवं व्यवस्था बनाए रखने के लिए 15 अधिकारियों को ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किया है। जिला मजिस्ट्रेट डॉ. जयेन्द्र सिंह छिल्लर ने इस संबंध में आदेश जारी किए हैं। पलवल, होडल और हथीन उपमंडलों में संबंधित एसडीएम समग्र रूप से व्यवस्था की निगरानी करेंगे। ड्यूटी मजिस्ट्रेट बिजली उपकेंद्रों और अन्य संवेदनशील स्थानों पर तैनात रहेंगे।
जिला प्रशासन ने हड़ताल के दौरान बिजली आपूर्ति बाधित होने की आशंका को देखते हुए सभी विभागाध्यक्षों को वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए हैं। कार्यालयों में बैकअप सिस्टम की कार्यशीलता जांचने, जनरेटर के लिए पर्याप्त ईंधन रखने और जरूरी इंतजाम समय रहते पूरे करने को कहा गया है, ताकि सरकारी कार्यालयों का कामकाज और आवश्यक सेवाएं प्रभावित न हों।