संवाद न्यूज एजेंसी
होडल। हरियाणा स्टेट नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो फरीदाबाद की टीम ने गांव सौंध में कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को 1 किलो 450 ग्राम डोडा पोस्त के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान गांव सौंध निवासी दशरथ के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, एएसआई महेंद्र सिंह अपनी टीम के साथ नशीले पदार्थों की रोकथाम के लिए गांव सौंध बस स्टैंड के पास मौजूद थे। इसी दौरान सूचना मिली कि दशरथ होडल-नूंह रोड पर बंद पड़े चोटी वाला पंजाबी होटल के बाहर चारपाई पर बैठकर डोडा पोस्त बेच रहा है। सूचना के आधार पर टीम ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को काबू कर लिया। मुंडकटी थाना प्रभारी जमील अहमद ने बताया कि एएसआई महेंद्र सिंह की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।