हत्यारोपियों की गिरफ्तारी के लिए लोगों ने थाने में किया हंगामा
पलवल। पिछले सप्ताह गांव रजपुरा में 60 वर्षीय किसान दौजीराम की खेतों में तेजधार हथियारों व लाठियों से पीटकर की गई हत्या के मामले में पुलिस द्वारा अभी तक कोई भी आरोपी गिरफ्तार न करने पर बुधवार को परिजनों ने सदर थाने में जमकर हंगामा किया। परिजनों व ग्रामीणों का आरोप था कि पुलिस आरोपियों से मिली हुई है तथा असली आरोपियों को गिरफ्तार न करके गांव के उन निर्दोष लोगों को उठाकर पूछताछ कर रही है, जिनका इस मामले से कोई लेना देना नहीं है। लोगों ने मांग की कि आरोपियों को गिरफ्तार किया जाए।
दरअसल, धुलंडी वाले दिन गांव रजपुरा में 60 वर्षीय किसान दौजीराम जब खेतों पर काम कर रहा था तो गांव के ही कुछ लोगों ने मिलकर उस पर तेजधार हथियार से हमला कर दिया था, जिससे उसकी मौत हो गई थी। पुलिस ने इस मामले में हत्या व हत्या की साजिश रचने के आरोप में गांव के करीब एक दर्जन लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया था। पांच दिन बीत जाने के बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से नाराज ग्रामीण व परिजन बुधवार दोपहर सदर थाने में पहुंच गए तथा नारेबाजी कर हंगामा किया। लोगों ने आरोप लगाया कि पुलिस जानबूझकर आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर रही है। लोगों ने कहा कि पुलिस ने पैसे खाए हुए हैं।
सदर थाना पुलिस टीम ने लोगों को समझाया तथा आश्वासन दिया कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस गिरफ्तारी में जुटी हुई है। इस दौरान लोगों की पुलिस कर्मियों से खूब बहस भी हुई। बाद में लोग घरों को चले गए।
थाना प्रभारी कुलदीप का कहना है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।