मासिक भत्ता बढ़ाने को आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन
-सरकार के खिलाफ नारेबाजी, मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन
अमर उजाला ब्यूरो
पलवल। आंगनबाड़ी वर्कर्स एंड हेल्पर्स यूनियन हरियाणा की जिला इकाई के तत्वावधान में सोमवार को लघु सचिवालय पर धरना प्रदर्शन किया गया। इस अवसर पर एसडीएम जितेंद्र कुमार को मुख्यमंत्री के नाम मांगों का ज्ञापन भी सौंपा। धरने के दौरान कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। धरने की अध्यक्षता कर रहीं जिला प्रधान रामरति दलाल ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा मात्र 3000 रुपये व हेल्पर को 1500 रुपये मासिक भत्ता दिया जा रहा है। जिसके लिए सुबह से शाम तक ड्यूटी करनी पड़ती है। इसके अलावा प्रदेश सरकार व स्थानीय प्रशासन अन्य कार्य करने को भी मजबूर करता है। सर्वोच्च न्यायालय के आदेशानुसार साल में 300 दिन बच्चों को खाना देने के चलते अवकाश के दिन भी कार्य करना पड़ता है। प्रदर्शनकारियों को युवा नेता सोनू बौद्ध ने समर्थन दिया। इस अवसर पर गीता देवी, ओमवती, मधु, कमलेश, पूजा आजाद, सीमा, सीमा, राजवती, रमेश, शबाना, गीता उटावड़, संजू, इंद्रा, कांता देवी मुख्य रूप से मौजूद थीं।
वहीं दूसरे गुट से संबंधित आंगनबाड़ी वर्कर एंड हेल्पर्स यूनियन का धरना चौथे दिन भी जारी रहा। सीटू के जिला प्रधान श्रीपाल सिंह भाटी व सर्व कर्मचारी संघ के जिला प्रधान रमेशचंद ने बताया कि हरियाणा सरकार ने 10 मार्च 2018 को लिखित समझौता किया था, जिसके तहत हेल्पर से वर्कर व वर्कर से सुपरवाइजर के प्रमोशन का पत्र जारी नहीं किया गया। सरकार ने यूनियन के प्रतिनिधिमंडल को बातचीत के लिए चंडीगढ़ बुलाया है, नेताओं ने बताया कि सभी मांगों के समाधान के पश्चात ही आंदोलन खत्म किया जाएगा। समाधान न होने की स्थिति में कर्मी हड़ताल पर भी जा सकते हैं। इस मौके पर राकेश तंवर, बनवारी लाल, राजेश शर्मा, रूपराम तेवतिया, भवन निर्माण के नेता कुंवरपाल, आंगनबाड़ी यूनियन की नेता शशिबाला, परसंदी, कांतादेवी, कृष्णा देवी, पुष्पा कबीर ने भी विचार व्यक्त किए।