कैंटर-कार भिड़े, एक की मौत, चार घायल
- राष्ट्रीय राजमार्ग पर बाबरी मोड़ के पास हादसा
अमर उजाला ब्यूरो
होडल। मथुरा से पलवल की तरफ जा रही एक अल्टो कार और कैंटर के बीच बृहस्पतिवार की देर शाम राष्ट्रीय राजमार्ग बाबरी मोड़ के पास भिड़ंत हो गई। हादसे में कार चला रहे व्यक्ति की मौत हो गई। जबकि कार में सवार 4 अन्य लोग घायल हो गए। घटना के बाद कैंटर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मृतक के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।
पुलिस ने मृतक के पुत्र जयकुमार के बयान पर कैंटर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। मिली जानकारी के अनुसार लेर कॉलोनी सहारनपुर निवासी अजीत सिंह अपनी पत्नी सुनीता, पड़ोसी विनोद, यश और नवीन के साथ अल्टो कार में सवार होकर मथुरा से वापस अपने घर लौट रहे थे। जब उनकी गाड़ी बाबरी मोड़ के पास पहुंची तो उसी समय विपरीत दिशा से आ रहे कैंटर से सीधी भिड़ंत हो गई। जिसमें गाड़ी पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। इस घटना में कार चला रहे अजीत सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। बाद में उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। इस घटना में गाड़ी में सवार सुनीता, विनोद और दो अन्य लोग घायल हो गए। पुलिस ने मृतक के पुत्र की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।