सीएम आज करेंगे कौशल अकादमी का उद्घाटन
जिले के युवाओं को मिलेंगे रोजगार के अवसर
अमर उजाला ब्यूरो
पलवल। मुख्यमंत्री मनोहर लाल आज (रविवार को) दुधौला गांव में स्थित श्री विश्वकर्मा कौशल विश्वविद्यालय में कौशल अकादमी का उद्घाटन करेंगे। कार्यक्रम की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए शनिवार को पृथला क्षेत्र के विधायक टेकचंद शर्मा और मुख्यमंत्री के राजनैतिक सचिव दीपक मंगला ने कार्यक्रम स्थल का जायजा लिया। इस अवसर पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस मौके पर श्री विश्वकर्मा कौशल विश्वविद्यालय के कुलपति राज नेहरू भी मौजूद थे।
विधायक टेकचंद शर्मा ने कहा कि श्री विश्वकर्मा कौशल विश्वविद्यालय देश की पहली ऐसी यूनिवर्सिटी है जिसने अपने निर्माण चरण के प्रारंभिक अवस्था में ही कंस्ट्रक्शन स्किल अकादमी द्वारा कौशल प्रशिक्षण देकर एक अद्भुत उदाहरण प्रस्तुत किया है। श्री विश्वकर्मा कौशल विश्वविद्यालय के निर्माण कार्य में लगने वाले मजदूर काम करने के साथ मान्यता प्राप्त श्रेणी के कुशल कामगारों के तौर पर सक्षम बनेंगे।
उन्होंने बताया कि प्रारंभिक अवस्था में मेसन तथा बार्बेंडर कोर्सेज शुरू किये जा रहे हैं। 3.21 करोड़ रुपये की लागत से बनी इस स्किल अकादमी में 250 से 500 युवाओं को प्रतिवर्ष प्रशिक्षित किया जाएगा। एक बैच में 60 मजदूरों को ट्रेनिंग दी जा सकेगी। मजदूरों को दक्ष बनाने और उनकी कुशलता बढ़ाने के लिए विश्वविद्यालय की ओर से सर्टिफिकेट कोर्स कराने की योजना बनाई गई है। इसके तहत कंस्ट्रक्शन के क्षेत्र में जाने के इच्छुक पलवल व फरीदाबाद के युवाओं और मजदूरों को कौशल विकास के कोर्स के साथ प्रशिक्षित किया जाएगा। मुख्यमंत्री के राजनैतिक सचिव दीपक मंगला ने कहा कि इस अकादमी से यहां के युवाओं को रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे, जिससे वे अपने परिवार की आजीविका कमाने में सक्षम बनेंगे।