दहेज की मांगे पूरी नहीं होने पर विवाहिता को मारपीट कर घर से निकाला
पलवल। शादी में दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर विवाहिता को प्रताड़ित करने व उसके साथ मारपीट कर घर से निकलाने का मामला सामने आया है। सदर थाना पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर पति सहित पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। जांच अधिकारी सुरेश कुमार के अनुसार गांव फिरोजपुर निवासी मोना ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है कि उसकी शादी उत्तर प्रदेश के जिला बुलंदशहर के गांव कपना निवासी महेश के साथ हुई थी। शादी में उसके पिता ने हैसियत के अनुसार दान-दहेज भी दिया था। लेकिन मोना के सुसराल पक्ष के लोग उस दहेज से संतुष्ट नहीं और अक्सर दहेज के लिए उसे प्रताड़ित करते रहते हैं। दहेज लाने में अमसर्थता जताने पर मोना को उसके पति महेश, ननंद आशा व रचना, सास ओमवती उर्फ लाली व ससुर ओमप्रकाश ने उसके साथ मारपीट की और उसे घर से भी निकाल दिया और दहेज लाने पर ही वापस घर आने को कहा। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।