हथीन में लगा किसान जागरूकता शिविर
अमर उजाला ब्यूरो
पलवल। कृषि एवं किसान कल्याण विभाग द्वारा हथीन की अनाज मंडी में खंड स्तरीय किसान जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में लगभग 515 किसानों ने भाग लिया। कार्यक्रम में मख्य अतिथि के रुप में ब्लाक समिति हथीन के अध्यक्ष जाकिर हुसैन उपस्थित रहे।
कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के उपनिदेशक डॉ. विरेन्द्र देव आर्य ने मेले में उपस्थित किसानों से आह्वान किया कि किसान फसल कटाई के बाद फसलों के अवशेष न जलाए, फसल अवशेषों का शिविर में दर्शायी गई मशीनों द्वारा प्रबंधन करें । अवशेषों को जमीन में मिलाकर भूमि की उर्वरा शक्ति तथा कार्बानिक कार्बन की मात्रा बढ़ाई जा सके। उन्होंने बताया कि विभाग द्वारा लगाए जा रहे शिविरों में भाग लेकर सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न स्कीमों की जानकारी प्राप्त करके उनका भरपूर लाभ उठाए। शिविर में उपमण्डल कृषि अधिकारी ने कपास की फसल में लगने वाली विभिन्न बीमारियों और कीड़ों की रोकथाम के बारे में विस्तृत जानकारी दी। घरेशपाल बराड़ ने खरीफ फसलों में लगने वाली बीमारियों की रोकथाम के बारे में बताया। कार्यक्रम में उपस्थित प्रोजेक्ट अधिकारी मनोहर लाल ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के बारे में किसानों को जानकारी दी तथा सुबोध एजीएम नाबार्ड बैंक ने किसानों के हित में चलाई जा रहीं योजनाओं के बारे में बताया।