पलवल। शहर थाना पुलिस ने रात्रि गश्त के दौरान बघौला की तरफ से सोहना मोड़ की ओर आ रही बोलेरो से अवैध पटाखे बरामद किए हैं। पुलिस ने वाहन चालक को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ विस्फोटक अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की है।
थाना प्रभारी नरेंद्र राणा के अनुसार, बुधवार की रात करीब 12:30 बजे पुलिस टीम सोहना मोड़ पर गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि बोलेरो में अवैध पटाखे भरकर लाए जा रहे हैं। सूचना के आधार पर नाकाबंदी की गई। कुछ देर बाद बताए हुलिए की बोलेरो को रोककर चालक को काबू किया गया।
तलाशी लेने पर वाहन से छह बॉक्स में फेस्टा कलर्स 30 शॉट के 48 पैकेट और मल्टी कलर्स 30 शॉट के 60 पैकेट समेत कुल 124 बॉक्स पैकेट बरामद हुए। चालक की पहचान शहर की गीता कॉलोनी निवासी देशराज के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार, वह पटाखों का लाइसेंस या परमिट प्रस्तुत नहीं कर सका।