दुकानदारों ने चंदा एकत्रित कर कराई नालियों की सफाई
पलवल। नगर परिषद द्वारा सफाई पर ध्यान न देने के बाद परेशान दुकानदारों ने अब सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने की कमान खुद ही संभाल ली है। शनिवार को दुकानदारों ने सफाई के लिए चंदा एकत्रित कर नालियों की सफाई करानी शुरू कर दी है। नगर परिषद का इस तरफ ध्यान न देने पर दुकानदारों में रोष भी है।
दुकानदार ओमवीर और आजाद ने बताया कि पिछले कई वर्षों से नालियों की सफाई ना होने के कारण नालियों में गंदा पानी भरा हुआ है। इस कारण पानी में मच्छर पैदा होने लगे हैं। ऐसे में लोगों को बीमारियों का खतरा बढ़ने का डर सताने लगा है। उन्होंने कहा कि वो इस बारे में कई बार नगर परिषद के आला अधिकारियों से भी शिकायत कर चुके है लेकिन आज तक इस समस्या का समाधान नहीं हो सका है। नगर परिषद की इसी लापरवाही के कारण दुकानदार बेहद परेशान हैं। तंग आकर उन्होंने चंदा एकत्रित कर नालियों की सफाई कराई है। उन्होंने बताया कि उगाए गए चंदे के पैसे से तीन मजदूरों से नालियों की सफाई करवाई है। दुकानदारों ने नगर परिषद के आला अधिकारियों से अपील करते हुए कहा कि समय समय पर नगर परिषद के कर्मचारियों द्वारा नालियों की सफाई करवाई जाए ताकि लोगों को परेशानियों का सामना न करना पड़े।