आतंकवादी हमले में मारे गए सैनिकों को दी श्रद्धांजलि
पलवल। पुलवामा में हुए आतंकी हमले में मारे गए सैनिकों को श्रद्धांजलि देने के लिए शुक्रवार को पूरा जिला उमड़ पड़ा। कहीं शहीदों को श्रद्धांजलि दी तो कहीं पाक विरोधी नारे लगाकर आक्रोश रैली निकाली गई। इसके अलावा 15 दिनों से भूख हड़ताल पर बैठे एनएचएम कर्मचारियों व यमुना पुल के निर्माण की मांग में भूख हड़ताल पर बैठे यमुना संघर्ष समिति के कार्यकर्ताओं ने पाकिस्तान के इस आत्मघाती हमले की निंदा दी। वहीं वकीलों व टाइपराइटरों ने भी सैनिकों पर हुए आत्मघाती हमले के विरोध में कामकाज पूरी तरह से ठप रखा। इस दौरान उपायुक्त को ज्ञापन देने गए वकीलों से ज्ञापन न लेने पर वकीलों ने उपायुक्त के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। बाद में अतिरिक्त उपायुक्त ने वकीलों को समझाया तथा उपायुक्त को बाहर बुलवाकर वकीलों से ज्ञापन दिलवाया।
वकीलों ने कामकाज रखा पूरी तरह ठप
पलवल। राष्ट्रीय बजरंग दल आतंकवादी हमले के विरोध में प्रदर्शन किया। इसके अलावा जुलूस निकालकर मीनार गेट पर पाकिस्तान का पुतला फूंका गया। प्रदर्शन दल के प्रदेशाध्यक्ष मुनीष भारद्वाज के नेतृत्व में किया गया। इसके अलावा वहीं विभिन्न सामाजिक संगठनों ने रोहित के नेतृत्व में शहर में आक्रोश रैली निकाली। आक्रोश रैली बस अड्डा से शुरू होकर राजमार्ग से होते हुए महर्षि दयानंद चौक, पुराने जीटी रोड से निकलकर मीनार गेट पर पहुंची। संगठनों से जुड़े युवाओं ने भी पाकिस्तान का पुतला फूंका तथा सरकार से सैनिक कार्रवाई करने की मांग की। मारे गए सैनिकों को भी श्रद्धांजलि दी गई। इसके अलावा जिला बार एसोसिएशन के प्रधान सुभाष शर्मा के नेतृत्व में बार परिसर में श्रद्घांजलि दी। इसके अलावा एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने उपायुक्त को प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। उन्होंने पाकिस्तान को इसका मुंह तोड़ जवाब देने की मांग की। दूसरी ओर मुस्लिम वेलफेयर एसोसिएशन ने भी प्रधान यूनुस अहमद के नेतृत्व में आतंकवादी हमले की निंदा की। यूनुस ने कहा कि सरकार को सैनिकों पर हुए इस हमले का जबाव देना होगा। सेना को आदेश देकर पाकिस्तान पर हमला किया जाए। इस अवसर पर यासिर यूनुस, आफताब, जुनेद, आसिफ, लियाकत अली, जुबेर, इरशाद, कुरी, ज्ञासी, इरशाद, अकरम, मकसूद, हकमुद्दीन मौजूद रहे।
पाकिस्तान के खिलाफ नारेबाजी की
हथीन। बहीन उप-तहसील में भारी संख्या में पूर्व सैनिक और लोग इकट्ठे हुए। उन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। मोदी सरकार से पाकिस्तान को सबक सिखाने की मांग की। वहीं सीआरपीएफ के जवानों को श्रद्घांजलि दी। इस मौके पर हथीन पलवल रोड पर स्थित बीजेपी कार्यालय में विभिन्न पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने शहीदों के नाम मोमबत्ती जलाकर श्रद्घांजलि दी। इसके अलावा श्रीराम सेना संगठन कार्यालय के अनाजमंडी स्थित कार्यालय पर आतंकवादी हाफिज सईद का पुतला फूंका गया। हथीन के आईटीआई परिसर में छात्रों एवं स्टाफ के लोगों ने पुलवामा में शहीद हुए जवानों की याद में कैंडल मार्च निकाला। शहीदाने मेवात सभा ने भी हथीन के विश्राम गृह परिसर में दो मिनट का मौन रख शहीदों को श्रद्धांजलि दी। इसमें शरफुद्दीन मेवाती, हाजी जकरिया, साहब खां, जाकिर आदि मौजूद रहे।
विभिन्न सामाजिक संगठनों ने निकाली शहर में कैंडल मार्च
होडल। होडल में विभिन्न सामाजिक संगठनों की ओर से शहीदों की शहादत में शुक्रवार को कैंडल मार्च निकाला गया । शहर के विभिन्न सामाजिक संगठनों, व्यापारियों व सैकड़ों दुकानदारों ने हिस्सा लिया। मामले को लेकर सामाजिक संगठनों के सदस्य लक्ष्मी नारायण मंदिर पर एकत्रित हुए जिसके बाद लोगों ने अपने हाथों में मोमबत्ती, बैनर, पोस्टर आदि के साथ कैंडल मार्च निकालते हुए विभिन्न बाजारों से होते हुए भरत मिलाप चौक पहुंचे। जहां कैंडल मार्च में शामिल सभी लोगों ने आतंकवादियों के हमले में शहीद हुए सैनिकों को दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजली दी। इस अवसर पर स्वदेशी जागरण मंच से विभाग संयोजक महेश गौड़, मां भारती सेवा समिति के अध्यक्ष आशीष अग्रवाल, धर्म जागरण मंच के विभाग संयोजक महेंद्र डॉक्टर, राकेश कालरा, कारगिल शहीद समुंदर सिंह हुड्डा यादगार समिति के अध्यक्ष रामफल हुड्डा, भगवान परशुराम सेवा समिति के प्रधान बिजेंद्र वशिष्ट,मानव सेवा संगठन के अध्यक्ष घनश्याम वशिष्ठ, नगर परिषद के पार्षद मोनू कालरा, सर्राफा यूनियन के प्रधान बाबूराम मंगला, चंद्र किशोर मंगला, ओम प्रकाश, नेतराम डॉक्टर, महेंद्र, मयंक बंसल आदि ने श्रद्धांजली सभा को संबोधित किया और शहीदों को श्रद्धांजली अर्पित की। इसके अलावा यमुना पुल बनाने की मांग को भूख हड़ताल पर बैठे संघर्ष समिति के कार्यकर्ताओं ने शहीदों को श्रद्घांजली दी।