दो स्थानों पर लाठी-डंडों से मारपीट की रिपोर्ट दर्ज
पलवल। चांदहट थाना क्षेत्र से एक व्यक्ति पर लाठी-डंडे से हमला करने व जान से मारने की धमकी देने का मामला प्रकाश में आया है। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर दो नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। जांच अधिकारी एएसआई रणसिंह के अनुसार गत आठ नवंबर को वह किसी काम से घर से बाहर निकला था उसी समय गांव निवासी अजीत व कुलदीप ने उस पर हमला कर दिया।
वहीं जमीनी विवाद के कारण दर्जन भर लोगों द्वारा एक परिवार के सदस्यों पर हमला करने और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। चांदहट थाना पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर आठ नामजद व सात-आठ अन्य आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। जांच अधिकारी हेड कांस्टेबल अमित कुमार के अनुसार गांव सोलड़ा निवासी नरेंद्र ने शिकायत दर्ज कराई है कि उनका परिवार के कुछ लोगों से जमीनी विवाद चल रहा है जिसका मामला अदालत में विचाराधीन है। इसी बात की रंजिश रखते हुए गांव निवासी राजन, रामू, रोहताश, पप्पू, शीशपाल, मुकेश, बबलू, श्यामू व उनके सात-आठ अन्य साथियों ने लाठी-डंडे, लोहे की रॉड व कुल्हाड़ी से पीड़ित व उसके पिता गुरुदत्त, मां माया व भाई नितेश पर हमला कर दिया और जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। ब्यूरो
पशु अवशेषों से भरी बोलेरो पकड़ी
पलवल। गौरक्षक दल ने पशु अवशेषों से भरी बोलेरो कार को काबू कर पुलिस के हवाले किया है। शहर थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। जांच अधिकारी एएसआई महेंद्र के अनुसार पलवल के दुकड़िया मोहल्ला निवासी सोनू ने शिकायत दर्ज कराई है कि वह गौरक्षक दल का सदस्य है। गत दस नवंबर को वह आगरा चौक के पास था। उसी समय एक बोलेरो कार होडल की तरफ से आई जिसमें से बदबू आ रही थी। शक होने पर कार को रुकवाया गया तो उसमें पशुओं के अवशेष भरे हुए थे। पीड़ित का आरोप है कि गाड़ी में गऊ के भी अवशेष हैं। पुलिस ने शिकायत के आधार पर गाड़ी को काबू कर अवशेषों को सैंपल के लिए भेज दिया है। ब्यूरो