खेलकूद प्रतियोगिता में पदक जीतने वाली छात्राएं सम्मानित
पलवल। सरस्वती महिला महाविद्यालय की छात्राओं ने महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय रोहतक में आयोजित वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता में 12 पदक जीते हैं। प्रतियोगिता में तीसरा स्थान प्राप्त कर पलवल लौटीं छात्राओं का कॉलेज द्वारा स्वागत किया गया। कॉलेज की छात्रा विवेका ने गोला फेंक में स्वर्ण व चक्का फेंक में रजत पदक, नितेश ने रिले दौड़ में स्वर्ण, लंबी कूद में रजत व त्रिकूद में कांस्य पदक, बबली ने 200 मीटर दौड़ में रजत पदक, रिले दौड़ में स्वर्ण, लंबी कूद में कांस्य पदक हासिल किया है। इसके अलावा प्रीति ने 800 व 1500 मीटर दौड़ में रजत व रिले दौड़ में स्वर्ण पदक तथा छात्रा प्रियंका ने रिले दौड़ में स्वर्ण पदक हासिल किया है। कार्यक्रम में कॉलेज के प्रधान अतुल मंगला, कार्यवाहक प्राचार्या शशि शर्मा, डॉ.आशा दहिया, डॉ.प्रोमिला भारद्वाज, सविता मनचंदा, डॉ.सोनिया भारद्वाज व अशोक कुमार ने विजेता छात्राओं को बधाई दी। ब्यूरो
जिला स्तरीय कल्चरल फेस्ट का आयोजन
पलवल। शिक्षा विभाग द्वारा औरंगाबाद स्थित एडवांस कॉलेज में जिला स्तरीय कल्चरल फेस्ट का आयोजन किया गया। इसका मुख्य आकर्षण कौन बनेगा करोड़पति की तर्ज पर आयोजित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता था। स्कूली छात्र के साथ लाइफ लाइन के रूप में एक अध्यापक को भी आमंत्रित किया गया था। नवीं से 12वीं कक्षा तक के वर्ग की प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में राजकीय सांस्कृतिक मॉडल स्कूल धतीर की टीम प्रथम, राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पलवल कैंप की टीम द्वितीय व राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय औरंगाबाद ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। नाटक में राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय अलावलपुर की टीम प्रथम, समूह गान में तृतीय स्थान पर रही। छठी से आठवीं कक्षा तक की लोकनृत्य में राजकीय उच्च विद्यालय रेलवे कॉलोनी की टीम प्रथम तथा समूह नृत्य में तृतीय स्थान पर रही। एकल गायन, एकल नृत्य आदि प्रतियोगिताएं भी हुईं। प्रथम विजेता टीम को 31 हजार रुपये, द्वितीय को 21 हजार रुपये व तृतीय को 11 हजार रुपये का पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। राजकीय स्कूल सीही फरीदाबाद से प्रवक्ता कुसुमलता ने केआरपी की भूमिका निभाई। इस मौके पर अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी अशोक बघेल, कॉलेज चेयरमैन विनय गुप्ता ने विजेताओं को प्रोत्साहित किया। निर्णायक की भूमिका पितांबर तेवतिया, सजल, बलबीर सिंह ने निभाई। प्रतियोगिता नोडल अधिकारी सुशील की देखरेख में कराई गई। संचालन में अंजना जैन, कुमकुम, अंशुल, देवेंद्र, अजय चावला ने योगदान दिया। ब्यूरो