सरल केंद्र का हुआ उद्घाटन
हथीन। जिला उपायुक्त मनीराम शर्मा ने शुक्रवार को हथीन के सिविल सचिवालय में नवनिर्मित अंत्योदय सरल केंद्र का उद्घाटन किया। इस अवसर पर हथीन के नए एसडीएम सुरेश कुमार चहल भी उपस्थित रहे। उद्घाटन करते हुए जिला उपायुक्त ने घोषणा की कि नवनिर्मित सरल केंद्र के माध्यम से लोगों को सैकड़ों योजनाओं के बारे में सरलता से जानकारियां मिलेंगी तथा 250 से अधिक सेवायें ऑनलाइन उपलब्ध रहेंगी। इस अवसर पर जिला उपायुक्त ने सचिवालय में वृक्षारोपण भी किया। मौके पर डीएसपी सुरेश कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे।
वार्ड नंबर 11 में दो गुटों में हुआ झगड़ा
हथीन। वार्ड नंबर 11 में सापनकी गांव के दो गुटों के बीच झगड़ा हो गया। इस मामले में हथीन थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एसएचओ कुलदीप ने बताया कि सापनकी निवासी आसिफ ने मुकदमा दर्ज कराया है कि उसे और उसके चाचा नियाजू, मतलूब को लाठी-डंडों से पीटा गया और जान से मारने की धमकी दी गई। उसके बयान पर सापनकी निवासी जाहिद, वकील, सुमरदीन तथा दो अन्य लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।
ऑनर किलिंग के खिलाफ लिए जा रहे हैं शपथ पत्र
हथीन।ऑनर किलिंग जैसी कुकृत्य व कुप्रथा को समाप्त करने के लिए रक्षाबंधन के त्यौहार को स्त्री-पुरुष समानता के रूप में मनाकर इसके प्रति जागरूकता फैलाने का फैसला हरियाणा राज्य महिला आयोग ने लिया है। महिला आयोग की अध्यक्ष प्रतिभा सुमन ने सभी जिला उपायुक्तों को निर्देश दिए हैं कि 25 अगस्त तक सभी सेकेंडरी स्कूलों, विश्व विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में शपथ पत्र भरवाए जाएं। उन्होंने बताया कि शपथ पत्र में स्पष्ट रूप में प्रतिज्ञा हो कि वह अपने परिवार और अपने समाज के सभी लड़कों व लड़कियों के सम्मान को आड़ बनाकर की गई हत्या में किसी भी प्रकार भागीदारी नहीं करेगा अथवा नहीं करेगी और न ही झूठे आत्म सम्मान के लिए इसका समर्थन करेंगे। उन्होंने बताया कि इसके लिए शपथ पत्र की प्रतिलिपि भी जिला उपायुक्तों को भेजी गई है।
आठवीं के एनरोलमेंट की तिथि घोषित
हथीन। शैक्षणिक सत्र वर्ष 2018-19 से कक्षा आठवीं से हरियाणा राज्य के सभी राजकीय और निजी विद्यालयों का कक्षा आठवीं का एनरोलमेंट लगाने का कार्य हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड ने शुरू कर दिया है। जिला शिक्षा अधिकारी अनिल शर्मा ने बताया कि निजी विद्यालयों का कक्षा आठवीं का एनरोलमेंट का कार्य एफिलेशन आरंभ किया गया है जो विद्यालय केवल कक्षा आठवीं तक शिक्षा विभाग हरियाणा से परमानेंट अथवा प्रोविजनल मान्यता प्राप्त हैं उन सभी विद्यालयों को जल्द से जल्द अपना सम्बद्धता आवेदन पत्र शुल्क एवं अन्य दस्तावेजों के साथ 27 अगस्त तक बिना विलंब के भेजना है। 28 अगस्त से 7 सितंबर तक पांच हजार रुपये लेट फीस के साथ आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि जो विद्यालय पूर्व में केवल कक्षा आठवीं तक स्थाई संबद्धता लिए हुए हैं उन विद्यालयों को 2000 रुपये निरंतरता शुल्क के साथ तथा जो प्रोविजनल रिकॉगनाईज हैं उन्हें 8 हजार रुपये के शुल्क के साथ बोर्ड अथवा बोर्ड के क्षेत्रीय केंद्रों तक आवेदन करना है।