न्यायमूर्ति हरसिमरन सिंह सेठी ने जिला न्यायिक परिसर में रखी आधारशिला
संवाद न्यूज एजेंसी
नूंह। जिला न्यायिक परिसर नूंह में अधिवक्ताओं की सुविधाओं का विस्तार करते हुए लॉयर्स चैंबर्स ब्लॉक-बी के तहत 115 नए चैंबरों के निर्माण की आधारशिला रखी गई। पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के न्यायाधीश एवं हरियाणा बिल्डिंग कमेटी के चेयरमैन न्यायमूर्ति हरसिमरन सिंह सेठी ने शनिवार को आधारशिला रखते हुए कहा कि अधिवक्ताओं की सुविधाओं में वृद्धि न्यायिक व्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने आश्वासन दिया कि अधिवक्ताओं की जरूरतों को पूरा करने के लिए हरसंभव सहयोग किया जाएगा।
इस अवसर पर हाईकोर्ट के न्यायाधीश एवं नूंह सत्र मंडल के प्रशासनिक न्यायाधीश न्यायमूर्ति हरप्रीत सिंह बराड़ भी मौजूद रहे। न्यायमूर्ति सेठी ने कहा कि न्यायिक परिसर में सभी आवश्यक सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध होने से अधिवक्ताओं के साथ-साथ न्यायालय में आने वाले वादकारियों को भी लाभ मिलता है। उन्होंने विकास कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए न्यायपालिका, जिला प्रशासन और बार एसोसिएशन के बीच बेहतर समन्वय पर जोर दिया।
460 अधिवक्ताओं को मिलेगी सुविधा
न्यायिक परिसर में पहले ब्लॉक के 115 चैंबरों सहित दोनों ब्लॉकों में कुल 230 चैंबर उपलब्ध कराने की योजना है। प्रत्येक चैंबर में दो अधिवक्ताओं के बैठने की व्यवस्था होगी। इस प्रकार दोनों ब्लॉकों के तैयार होने पर 460 अधिवक्ताओं को बैठने की सुविधा मिलेगी। इससे वकीलों को केस फाइलों का अध्ययन करने, कानूनी दस्तावेज तैयार करने और मुवक्किलों से विचार-विमर्श करने के लिए व्यवस्थित स्थान मिलेगा। कार्यक्रम में जिला एवं सत्र न्यायाधीश सुशील कुमार गर्ग, उपायुक्त अखिल पिलानी, पुलिस अधीक्षक अर्पित जैन, सीजेएम नेहा गुप्ता, बार एसोसिएशन प्रधान एडवोकेट समीम अहमद बदरपुर सहित न्यायिक अधिकारी, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे।