फायरिंग करने वाले गोतस्करों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
होडल। पुलिस ने गांव सौन्दहद में गोतस्करों द्वारा मंगलवार की रात आधा दर्जन गायों को गाड़ी में भरकर ले जाने के मामले में ग्रामीणों की शिकायत पर अज्ञात पिकअप के चालक व अन्य लोगों के खिलाफ गोवंश अधिनियम और जान से मारने की नीयत से गोली चलाने का मामला दर्ज किया है। थाना प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि गांव सौन्दहद के ग्रामीण गोपाल ने शिकायत दी कि मंगलवार की देर रात गाड़ी सवार गोतस्करों ने रात के समय गांव सौंदहद से लगभग आधा दर्जन गोवंश को चुरा लिया। इसकी सूचना मिलते ही दर्जनों ग्रामीणों ने गोतस्करों का पीछा करना शुरू कर दिया। इसी बीच ग्रामीणों द्वारा पीछा करते देख गोतस्करों ने एक गाय के पैर बांधकर उसे सड़क किनारे गड्ढे में डाल दिया और फरार हो गए लेकिन ग्रामीणों ने उनका पीछा नहीं छोड़ा तो गोतस्कर फायरिंग कर भाग गए। शिकायत पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने इन तस्करों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ब्यूरो