कर्मचारी ने कंपनी के सुरक्षा गार्ड पर फायरिंग की
पलवल। पृथला स्थित एक कंपनी के सुरक्षा गार्ड पर कंपनी के ही एक कर्मचारी द्वारा हवाई फायर किया गया। पुलिस ने कंपनी के मैनेजर की शिकायत पर नामजद आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। जांच अधिकारी हनीश खान के अनुसार सेक्टर-8 फरीदाबाद निवासी संदीप माथुर ने शिकायत दर्ज कराई है कि वह पृथला स्थित एमएस बायो मेड हेल्थ केअर प्राईवेट लिमिटेड कंपनी में मैनेजर के पद पर कार्यरत है। कंपनी में ही उमेश डागर नामक युवक वर्कर के पद कार्य करता है। उमेश डागर को किसी कारण से कंपनी से निकाल दिया गया। 20 अगस्त को उमेश जबरन कंपनी में घुसने का प्रयास करने लगा। कंपनी में गार्ड के पद पर तैनात सुरेंद्र ने उसे रोकने का प्रयास किया तो उमेश ने हवाई फायर कर दिया। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
मारपीट के आरोप में मामला दर्ज
पलवल। सदर थाना पुलिस ने एक व्यक्ति के बयान पर दो लोगों के खिलाफ मारपीट करने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया है। जांच अधिकारी सुनील कुमार के अनुसार गांव बामनीखेड़ा निवासी सच्चिदानंद ने शिकायत दर्ज कराई है कि उसका गांव निवासी कुलदीप और मोनू के साथ गत 19 अगस्त को किसी बात को लेकर झगड़ा कर हो गया था। झगड़े के दौरान कुलदीप व मोनू ने पीड़ित पर लाठी-डंडा से हमला कर दिया और जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
सड़क किनारे पड़ा मिला देशी कट्टा
पलवल। सदर थाना पुलिस ने गश्त के दौरान सड़क किनारे पड़ा अवैध हथियार बरामद किया। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। जांच अधिकारी सुशील के अनुसार वे गत 20 अगस्त को अपने क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। तभी गांव अल्लीका के समीप सड़क किनारे एक देशी कट्टा बरामद हुआ। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।