कर्मचारियों ने मसाल जुलूस निकाल किया सरकार के खिलाफ प्रदर्शन
अमर उजाला ब्यूरो
पलवल । उच्च न्यायालय के निर्णय से प्रभावित कर्मचारियों की सेवाएं सुरक्षित कराने, पुरानी पेंशन बहाली व कच्चे कर्मचारियों को नियमित कराने की मांगों को लेकर बृहस्पतिवार को सर्व कर्मचारी संघ के तत्वाधान में कर्मचारियों ने शहर में मसाल जुलूस निकाला। जुलूस निकालने से पहले सैकड़ों कर्मचारियों ने सामान्य अस्पताल एकत्रित होकर सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी व प्रदर्शन किया । बाद में जिला प्रधान रमेश चन्द के नेतृत्व में कर्मचारी मसाल जुलूस के रूप में मीनार गेट पहुंचे। कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि सरकार ने 19 अगस्त तक कर्मचारियों की मांगों का समाधान नहीं किया तो 20 अगस्त को पंचकूला पहुंच कर विधानसभा का घेराव करेंगे। प्रदर्शन को जिला सचिव बनवारी लाल ,राजेश शर्मा, राकेश तंवर ,योगेश शर्मा, वेदपाल मास्टर, गीतेश शर्मा, किरण रावत, राजू ,धर्मवीर , मोहनसिंह, दिवाकर, हंसराज करण सिंह रावत, गुरनाम सिंह, प्रीतम सिंह, राम आशरे यादव समेत अन्य मौजूद रहे।