संवाद न्यूज एजेंसी
नगीना। क्षेत्र में हुई भारी बारिश के बाद बदरपुर, उलेटा, जेताका और अकलीमपुर गांवों में जलभराव से हालात गंभीर हो गए। ग्रामीणों के अनुसार, 100 से अधिक घरों में 3 से 4 फुट तक बरसाती पानी भर गया, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई मकानों की दीवारें भी ढह गईं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए मेवात आरटीआई मंच एवं मौजी फाउंडेशन घागस की शिकायत पर जिला उपायुक्त अखिल पिलानी के निर्देश पर शनिवार रात प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची। जेसीबी की मदद से रास्तों को कटवाकर सीमेंट के पाइप (कुलावे) डलवाए गए, ताकि रुके हुए पानी की निकासी हो सके।
कनिष्ठ अभियंता रियाज और बीडीपीओ विशाल आजाद ने बताया कि ग्रामीणों को तत्काल राहत देने के लिए यह कदम उठाया गया है। कार्रवाई के दौरान सिंचाई विभाग के कनिष्ठ अभियंता मोहम्मद ओवैस खान, मंच संरक्षक राजुद्दीन, सबीला जंग और सरपंच नंदकिशोर प्रजापत मौजूद रहे। ग्रामीणों ने प्रशासन का आभार जताया।