संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। असावटी रेलवे स्टेशन पर ट्रेन के इंतजार में खड़े यात्री से दो युवकों ने 10 हजार रुपये लूट लिए। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की। पीड़ित ने पुलिस को फोन किया तो आरोपियों ने स्थानीय विधायक का नाम लेकर धमकी दी कि पुलिस उनका कुछ नहीं बिगाड़ सकती। जीआरपी पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ लूट का मुकदमा कर लिया है। अभी तक पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया है।
कैलाश नगर निवासी वाली यशपाल ने जीआरपी को दी शिकायत में कहा है कि उनका एक मकान गांव असावटी स्थित भारत कॉलोनी में भी है। इस मकान को उन्होंने किराए पर दिया हुआ है। बीती 11 दिसंबर को वह मकान का किराया लेकर पलवल आने के लिए ट्रेन के इंतजार में असावटी रेलवे स्टेशन पर खड़ा था। उसी दौरान दो युवक आए और उसे पीछे से धक्का मारा, जिससे वह गिर गया। आरोपियों ने उसकी जेब से 10 हजार रुपये लूट लिए। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। उसने पुलिस को फोन कर सूचित किया और वह भारत कॉलोनी स्थित अपने मकान की तरफ भागने लगा। आरोपियों को पीछे आता देख वह स्टेशन पर बने एक फास्ट फूड कॉर्नर में घुस गया और अपने भाई को सूचना दी। इसके बाद मौके पर पुलिस पहुंची तो आरोपी फरार होने लगे। आरोपियों ने जाते-जाते धमकी दी कि वे स्थानीय विधायक के कार्यकर्ता हैं, पुलिस उनका कुछ नहीं बिगाड़ सकती। शिकायतकर्ता के अनुसार युवकों की बाइक पर रजिस्ट्रेशन नंबर की बजाय नंबरदार लिखा हुआ था। आरोपी आए दिन ऐसी आपराधिक वारदातों को अंजाम देते हैं। उसने आरोपियों की स्टेशन पर घूमते हुए फोटो भी खींच ली।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान का प्रयास किया जा रहा है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।