हथीन। एवीटी स्टाफ हथीन ने 10 हजार रुपये का इनामी बदमाश गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। आरोपी को उटावड थाना क्षेत्र से अवैध देशी कट्टा के साथ गिरफ्तार किया गया है। एवीटी स्टाफ प्रभारी सत्यवान सिंह ने बताया कि मुखबिर खास की सूचना पर हवलदार साबिर ने स्टाफ के साथ नाकाबंदी की। इस दौरान जिला नूंह के गांव पैमाखेड़ा निवासी जाहुल को गिरफ्तार किया गया। उसके पास से 315 बोर का देशी कट्टा बरामद किया गया। कट्टे में कारतूस लोड पाया गया। पूछताछ के दौरान पता चला कि जाहुल के ऊपर मध्यप्रदेश की बैतूल जिले की पुलिस ने दस हजार रुपये का इनाम घोषित किया हुआ है। आरोपी ने 30 जनवरी 22 को रात्रि समय बैतूल के इटारसी रोड पर स्थित केनरा बैंक के एटीएम को गैस कटर से काटकर अपने साथियों के साथ मिलकर 13 लाख 40 हजार रुपये चुरा लिए थे। इसके अलावा आरोपी के खिलाफ फिरोजपुर झिरका में तीन, पुन्हाना में एक मामला दर्ज है। उन्होंने बताया कि आरोपी ने सोहना थाना क्षेत्र में भी लूटपाट करना कबूल किया है। आरोपी को गुरुवार को स्थानीय अदालत में पेश किया गया। जहां से मध्यप्रदेश की बैतूल जिले की पुलिस ने आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर ले लिया है। एवीटी स्टाफ ने जाहुल की गिरफ्तारी की सूचना अन्य थानों को भी भेज दी है। सूत्रों के मुताबिक आरोपी की खोज में मध्यप्रदेश पुलिस पिछले तीन दिनों से सक्रिय थी। इसी बीच मुखबिर ने एवीटी स्टाफ को सूचना देकर जाहुल को गिरफ्तार करा दिया।