पलवल। जिले में सोमवार को कोरोना संक्रमण के 10 नए मरीज मिले हैं, जबकि 11 को स्वस्थ घोषित किया गया है। पलवल में अब 28 सक्रिय मरीज हैं। अब तक जिले में 10880 मरीज पाए गए हैं, जिनमें से 10701 ठीक हो चुके हैं। सिविल सर्जन डॉ. ब्रह्मदीप सिंह ने बताया कि पलवल में प्रतिदिन एक हजार लोगों की कोरोना जांच की जा रही है। स्वास्थ्य विभाग की कोशिशों व लोगों की जागरूकता के कारण संक्रमण घटा है, लेकिन पिछले तीन दिनों से लॉकडाउन में दी गई ढील के बाद लोगों के लापरवाह होने के कारण फिर से मरीज बढ़ रहे हैं। लोगों को संभलकर रहने की जरूरत है।
शिविर में 200 लोगों ने लगवाया टीका
होडल। गढ़ी रोड स्थित कोली समाज की धर्मशाला में सोमवार को अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन की शाखा होडल एवं जिला स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त तत्वाधान में कोरोना टीकाकरण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 18 व 45 वर्ष से अधिक आयुवर्ग के 200 से अधिक लोगों को टीके लगाए गए। शिविर में वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. सतीश कुमार एवं थाना प्रभारी सुरेंद्र सिंह राठी मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। शिविर की अध्यक्षता संस्था के वरिष्ठ सदस्य भोजराज गर्ग ने की। शिविर के आयोजन को लेकर संस्था सदस्यों ने दो दिन लगातार वार्ड में महिला पुरुषों से संपर्क किया गया था। वार्ड में पहली बार लगाए गए इस प्रकार के शिविर को लेकर महिलाओं में सबसे ज्यादा उत्साह दिखा।