दुल्हन की डोली हवाई मार्ग से लाने का क्रेज कुरुक्षेत्र जैसे छोटे शहरों में भी जोर पकड़ रहा है। पिछले एक दशक में पांचवीं बार मंगलवार को दुल्हन उड़न खड़ौले में या दूल्हा उड़न खटौला में बारात लेकर आया।
इसी माह कुरुक्षेत्र में एक धर्मगुरु के हाईप्रोफाइल शादी के चर्चा में रहे थे। अब कुरुक्षेत्र का एक और विवाह कार्यक्रम चर्चा में आ गया। ये शादी कुरुक्षेत्र और धर्मनगरी हरिद्वार के दो राजनेताओं के पुत्र-पुत्रियों की रही। कांग्रेस के जिला अध्यक्ष जयभगवान शर्मा डीडी के पुत्र और उत्तराखंड के दिग्गज भाजपा नेता एवं उद्योगपति ओमप्रकाश जम्दग्नी के पुत्री के इस हाईप्रोफाइल विवाह कार्यक्रम में भी उड़न खटौले का इस्तेमाल किया गया।
मंगलवार को धर्मक्षेत्र के छोरे की बारात हरिद्वार की छोरी को ब्याह कर कुरुक्षेत्र लौटी। डोली से उतरते ही दूल्हा-दुल्हन का स्वागत पुष्पवर्षा से किया किया। इस हाईप्रोफाइल शादी में दोनों पक्षों की ओर से कई नेता, उच्चाधिकारी एवं धर्मगुरु शामिल हुए। सितंबर 2013 में ही कुरुक्षेत्र जिला कांग्रेस के अध्यक्ष के पुत्र विंकल की मंगनी ओमप्रकाश जम्दग्नी की पुत्री नेता से हुई थी।
सोमवार को दोनों नेताओं के पुत्र-पुत्री का विवाह कार्यक्रम हरिद्वार में हुआ और फेरों के बाद से दूल्हा आसमान के रास्ते दुल्हन को लेकर धर्मनगरी पहुंचा। करीब 11:30 बजे कुरुक्षेत्र के सांसद नवीन जिंदल का यह हेलिकॉप्टर सांवला हेलिपेड पर आया। यहां जयभगवान शर्मा व पारिवारिक सदस्यों ने उनका स्वागत किया।
हेलिपेड से ढोल-नगाड़ों की धुन पर दुल्हा व दुल्हन को घर तक लाया गया। इस मौके पर खेड़ी मारकंडा के सरपंच रुबल शर्मा, परिवार के सदस्यों एवं रिश्तेदारों सहित विनोद गर्ग तथा गणमान्य लोग दूल्हा-दुल्हन के स्वागत में नजर आए।
मंगनी में हरियाणा के सीएम, सगाई लाए उत्तराखंड के पूर्व सीएम
हरिद्वार में मंगनी के अवसर पर जहां वर पक्ष की ओर से हरियाणा के मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा पहुंचे थे, वहीं वधु पक्ष की ओर से तीन दिन पहले उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रमेश पौखरियाल निशंक के अलावा भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष रामबिलास शर्मा आए थे।
कई राजनेता, अधिकारी व धर्मगुरु हुए शामिल
उत्तराखंड विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष अजय भट्ट, परिवहन मंत्री सुरेंद्र राकेश, मुख्यमंत्री हरीश रावत की पुत्री, विधायक हरिदास, जूना अखाड़ा के महामंडलेश्वर महंत अर्जुनपुरी, नगर परिषद चेयरमैन सतपाल ब्रह्मचारी, उत्तराखंड के विधायक एवं मंत्रीगण, महामंडलेश्वर कैलाशा नंद ब्रह्मचारी, महंत दुर्गादास, ओमप्रकाश आनंद व अन्य कई महंत उपस्थित रहे।
अब डोलियों को पंख लगाने को है आतुर
शादी से खास प्रोग्राम में दूल्हे की बारात के शगल, ऊंचाइयों की ओर बढ़ रहे हैं। जाहिर पालकी, बग्गी व रथ गुजरे जमाने की बातें हो चुकी हैं, वहीं ट्रेन, बस, कारों से आने वाली बारात और डोलियों के पंख अब हवाई मार्ग का रास्ता अपनाने को आतुर हैं।