रोहिणी क्षेत्र में अज्ञात लुटेरों ने एक घर में घुसकर वृद्ध महिला की हत्या कर दी और घर में रखे लाखों रुपये के गहने और नगदी लूटकर फरार हो गए। सूचना के बाद मौके पर पहुंची रोहिणी थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
रोहिणी निवासी हरप्रीत ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि सोमवार सुबह परिवार के सभी सदस्य काम के लिए गए थे। घर में उनकी मां हरचरन कौर (60) अकेली थीं। उसने बताया कि जब वह शाम को घर पहुंचे तो दरवाजा अंदर से बंद मिला।
उन्होंने पड़ोसियों की मदद से जब दरवाजा खोला तो अंदर उनकी मां का शव पड़ा मिला। हरप्रीत ने बताया कि जब अंदर देखा तो घर का सारा सामान बिखरा हुआ था और अलमारी में रखे लगभग पांच लाख कीमत के सोने-चांदी के जेवर और कुछ नगदी भी गायब थी।
मामले के जांच अधिकारी ने बताया कि मृतका के गले पर निशान है। प्रथम दृष्टतया लगता है कि महिला की गला दबाकर हत्या की गई है। पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।