सांसद अवतार भड़ाना ने भ्रष्ट नेताओं की सूची में नाम शामिल करने पर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को कानूनी नोटिस भेजा है। उन्होंने नोटिस का जवाब एक सप्ताह के भीतर देने को कहा है।
भड़ाना ने इस मुद्दे को लेकर रविवार को प्रेस कान्फ्रेंस करने का ऐलान भी किया है। इस मामले को लेकर शहर की राजनीति में गर्मा गई है।
भ्रष्ट राजनेताओं की सूची में सांसद का नाम आने के बाद जिले के कांग्रेसियों में भी गुस्सा है। भड़ाना ने प्रेस को जारी एक बयान में केजरीवाल की सूची को झूठ का पुलिंदा बताते हुए कहा कि अरविंद बिना तथ्यों के इस तरह के आरोप लगा रहे हैं, जबकि वे अपनी जेब से पैसे खर्च करके लोगों की मदद करते हैं।
भड़ाना ने कहा कि उनके ऊपर लगाए आरोप सिद्ध होते हैं तो वह राजनीति को अलविदा कह देंगे। उन्होंने कहा कि अरविंद आरोप सिद्ध करके दिखाएं, वरना कोर्ट जाने के लिए तैयार रहें।