हरियाणा के जिला सिरसा में दहेज हत्या के आरोप में सास की गिरफ्तारी की मांग पर मृतका के परिजनों ने मंगलवार को धरना दिया। गुस्साए परिजनों ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन देने पहुंचे निर्मल सिंह निवासी गांव मल्लेवाला ने बताया कि उसकी बहन मनप्रीत कौर की शादी मेवा सिंह निवासी गांव झिड़ी के साथ वर्ष 2008 में हुई थी।
शादी में उन्होंने हैसियत से बढ़कर दान-दहेज दिया था। इसके बाद भी दामाद और उसकी मां खुश नहीं थे। उसकी बहन को बार-बार ताने मारे जाते थे और दहेज में कार की मांग की गई।
उसकी बहन के दो बच्चे हैं। बीते 11 अक्तूबर को उसकी सास और दामाद ने मिलकर उनकी बहन को जला दिया। गंभीर रूप से झुलसी मनप्रीत कौर को अस्पताल में दाखिल करवाया गया, जहां उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने इस मामले में बलवंत कौर को भी नामजद किया था, जिसे अभी तक गिरफ्तार नहीं किया गया है। उन्होंने एसएसपी से बलवंत कौर को शीघ्र गिरफ्तार किए जाने की मांग की।
उन्होंने शिकायत की प्रति आईजी हिसार रेंज, डीजीपी हरियाणा, मानवाधिकार आयोग नई दिल्ली, मुख्य न्यायाधीश, मुख्यमंत्री, पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट चंडीगढ़ को भेजी है।
एसपी कार्यालय में निर्मल सिंह के साथ बसंत सिंह, वकील सिंह, तरसेम सिंह, सोहन सिंह, गुरमेल सिंह, कुलवंत सिंह, जगमेल सिंह, जगरूप सिंह आदि उपस्थित थे।