हिसार जिले के गांव भिवानी रोहिल्ला निवासी मेजर अमित कुमार दलाल ने अंतरराष्ट्रीय सैन्य मंच पर दो पदक जीतकर गांव, प्रदेश और देश का नाम रोशन किया है। भारतीय सेना की 19 मैकेनाइज्ड इन्फैंट्री में कार्यरत मेजर दलाल ने केन्या के ज्वाइंट कमांड एंड स्टाफ कॉलेज (जेसीएससी) और नेशनल डिफेंस यूनिवर्सिटी (एनडीयू) में बड़ी उपलब्धियां हासिल की हैं। मेजर दलाल को कोर्स के दूसरे सर्वश्रेष्ठ छात्र के रूप में सम्मानित किया गया।
वहीं, उन्होंने रक्षा एवं रणनीतिक अध्ययन में पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा (पीजीडी) के सर्वश्रेष्ठ छात्र का पुरस्कार भी प्राप्त किया। उन्होंने नेशनल डिफेंस यूनिवर्सिटी, केन्या से डिस्टिंक्शन के साथ स्नातक की उपाधि भी हासिल की।
19 देशों के कुल 95 सैन्य अधिकारियों ने लिया भाग
2025-26 के प्रतिष्ठित सीनियर ज्वाइंट कमांड एंड स्टाफ कोर्स में 19 देशों के कुल 95 सैन्य अधिकारियों ने भाग लिया। इनमें 71 केन्या डिफेंस फोर्स (केडीएफ) और 24 सहयोगी देशों के अधिकारी शामिल थे। मेजर अमित कुमार दलाल ने इस प्रतिस्पर्धी माहौल में अपनी शैक्षणिक प्रतिभा और पेशेवर दक्षता का प्रदर्शन किया। रणनीति, नेतृत्व, सुरक्षा चुनौतियों और सैन्य प्रबंधन जैसे विषयों पर आधारित इस कोर्स को दुनिया के प्रतिष्ठित सैन्य प्रशिक्षण कार्यक्रमों में गिना जाता है।
युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बने अमित
एक छोटे से गांव और साधारण परिवार से निकलकर मेजर बने अमित कुमार दलाल की इस उपलब्धि से भिवानी रोहिल्ला गांव, हिसार जिला, 19 मैकेनाइज्ड इन्फैंट्री और पूरे भारतीय सेना परिवार में गर्व का माहौल है। उनकी सफलता ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारतीय सेना की पेशेवर क्षमता और उत्कृष्ट प्रशिक्षण प्रणाली को एक बार फिर स्थापित किया है। मेजर दलाल की यह उपलब्धि क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है। यह दर्शाती है कि दृढ़ संकल्प, कड़ी मेहनत और समर्पण के माध्यम से वैश्विक स्तर पर भी उत्कृष्ट पहचान बनाई जा सकती है।