फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

चुनौतियों को अवसरों में बदलना सीखें युवा : डीपी वत्स

Fri, 23 Feb 2024 12:43 AM IST
रोहतक ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, महेंद्रगढ़/नारनौल
विज्ञापन
विज्ञापन
महेंद्रगढ़। हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय (हकेंवि) महेंद्रगढ़ में संकल्प दिवस के अवसर पर विशेष आयोजन किया गया। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. टंकेश्वर कुमार के निर्देशन और मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राज्यसभा सदस्य और सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट जनरल डॉ. डीपी वत्स उपस्थित रहे। उन्होंने विश्वविद्यालय परिसर में मिग-21 व रीकॉइललेस लाॅन्चर का अनावरण भी किया।
विज्ञापन

विश्वविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस), यूथ रेडक्रॉस, नेशनल कैडेट कोर (एनसीसी) व शिक्षा पीठ के संयुक्त प्रयास से आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि लेफ्टिनेंट जनरल डॉ. डीपी वत्स ने विद्यार्थियों, शोधार्थियों, एनसीसी कैडेट्स व शिक्षकों को संबोधित करते हुए तनाव प्रबंधन के विषय में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि तनाव से बचकर ही एक युवा जिम्मेदार नागरिक बन सकता है और समाज व देश काम आ सकता है। उन्होंने काम, क्रोध, मद, लोभ से इतर चुनौतियों को अवसर में बदलकर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि हमें सदैव सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ना चाहिए और किसी भी स्तर पर अतिवाद से बचना चाहिए। उन्होंने केंद्र सरकार के प्रयासों को महत्वपूर्ण बताया और कहा कि अवसरों की कमी नहीं है बशर्ते कि चुनौतियों से घबराएं नहीं।
इससे पूर्व में विश्वविद्यालय कुलपति प्रो. टंकेश्वर कुमार ने मुख्य अतिथि का स्वागत करते हुए कहा कि समाज, देश की रक्षा में सैनिकों का योगदान और उनकी कुर्बानी सदैव स्मरणीय है। महेंद्रगढ़ एक ऐसी जगह है जहां सेना में अपना जीवन लगाने वाले वीर सपूत हर घर में पाए जाते हैं।
विज्ञापन

कुलपति ने विश्वविद्यालय में मिग-21 व 106 एमएम रीकॉइललेस लॉन्चर के अनावरण का उल्लेख करते हुए कहा कि अवश्य ही इसके माध्यम से विद्यार्थियों व स्थानीय लोगों में देशप्रेम के भाव को और अधिक बल मिलेगा।
मंच संचालन शिक्षक शिक्षा विभाग के प्रो. दिनेश चहल ने किया। विश्वविद्यालय में अनुभाग अधिकारी राजेश जांगड़ा ने अपनी कविता के माध्यम से सैनिक के मन के भावों को प्रतिभागियों के समक्ष प्रस्तुत किया। धन्यवाद ज्ञापन प्रो. प्रमोद कुमार ने प्रस्तुत किया। इस अवसर पर प्रो. पायल चंदेल, प्रो. नंद किशोर, डॉ. रमेश कुमार, डॉ. सुरेंद्र कुमार, नरेश कुमार, डॉ. प्रदीप कुमार आदि उपस्थित रहे।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें