नारनौल। निजामपुर क्षेत्र के गांव धौलेड़ा के पास एक अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। वह नांगल चौधरी से अपने गांव आ रहा था। शनिवार को नारनौल के नागरिक अस्पताल में मृतक का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया।
नीमकाथाना क्षेत्र की ढाणी का रहने वाले 27 वर्षीय सोमवीर शुक्रवार दोपहर अपने परिचित के शादी समारोह में शामिल होने के लिए नांगल चौधरी गये थे। देर रात अपने गांव वापस लौटते समय धौलेड़ा के पास अज्ञात वाहन चालक ने टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया। हादसे में बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों की सूचना पर मौके पर पहुंची एंबुलेंस ने घायल को नारनौल के नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे रेफर कर दिया, लेकिन युवक के सिर में गंभीर चोट लगने से उसने रास्ते में दम तोड़ दिया। बताया जा रहा है कि मृतक किसी निजी कंपनी में कार्यरत था और विवाहित था।