नारनौल। नारनौल पुरानी मंडी के नजदीक मालगाड़ी के आगे खड़े होकर एक युवक ने आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मालगाड़ी के चालक ने जीआरपी को दी। इसके बाद जीआरपी ने शव को कब्जे में लेकर नारनौल के नागरिक अस्पताल में रखवाया। हालांकि मृतक युवक की अभी तक शिनाख्त नहीं हुई है, जिसकी वजह से पोस्टमार्टम नहीं किया जा सका है।
सोमवार करीब सुबह साढे़ 11 बजे एक युवक अचानक मालगाड़ी के आगे खड़ा हो गया। युवक के आगे आने पर जब तक मालगाड़ी के चालक ने रोकने की कोशिश की, उससे पहले युवक को टक्कर लग चुकी थी। टक्कर लगने से युवक मालगाड़ी के इंजन में फंसा रह गया।
घटना की सूचना मिलते ही जीआरपी मौके पर पहुंची। जीआरपी इंचार्ज सुशील ने बताया कि मृतक करीब छह फीट लंबा व रंग गोरा है। मृतक युवक ने ट्रेक शूट पहने हुए है, जबकि टी-शर्ट पर जेके एंड जोन्स लिखा हुआ है। मृतक युवक की पहचान नहीं हो पाई है। जीआरपी युवक की पहचान करने में जुटी हुई है। उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्टया में युवक की उम्र करीब 20 से 22 वर्ष लग रही है।