राष्ट्रव्यापी स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत सोमवार को नेहरू युवा केंद्र की ओर से बाबा दाताराम सेवा संगठन नावदी के स्वयंसेवकों ने गांव व उसके आस-पास के क्षेत्रों में स्वच्छता गतिविधियों का आयोजन कर सफाई की।
जिला युवा अधिकारी नित्यानंद यादव ने बताया कि इस अभियान के तहत प्रत्येक गांव में युवा क्लबों एवं माई भारत स्वयंसेवकों के माध्यम से साफ सफाई अभियान चलाकर सफाई की जाएगी। इस वर्ष के अभियान का प्रमुख विषय स्वभाव स्वच्छता, संस्कार स्वच्छता है, जो यह संदेश देता है कि स्वच्छता न केवल एक आदत होनी चाहिए बल्कि हमारे संस्कारों और आचरण में भी स्वच्छता का समावेश होना चाहिए।
माई भारत युवाओं ने यह दिखाया है कि वे न केवल अपने क्षेत्रों को स्वच्छ रखने के लिए प्रतिबद्ध हैं, बल्कि अपने परिवारों और समुदायों को भी स्वच्छता के महत्व के प्रति जागरूक कर रहे हैं। यह पूरा अभियान मेरा युवा भारत पोर्टल के माध्यम से संचालित किया जा रहा है, जो कि युवाओं की सहभागिता को प्रोत्साहित करने के लिए एक महत्वपूर्ण डिजिटल प्लेटफॉर्म है। इस पोर्टल के माध्यम से युवा इस अभियान में हिस्सा ले सकते हैं और अपने अनुभव साझा कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि अभियान के तहत सार्वजनिक स्थानों, पार्कों, सामुदायिक भवनों और अन्य महत्वपूर्ण क्षेत्रों को स्वच्छ बनाया जाएगा। अभियान के दौरान युवाओं द्वारा पौधरोपण, प्लास्टिक मुक्त अभियान और कचरा प्रबंधन जैसी गतिविधियों का भी आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन भी किया जाएगा।