नारनौल। उपायुक्त मोनिका गुप्ता की अध्यक्षता में बुधवार को लघु सचिवालय में जिला स्तरीय समीक्षा बैठक हुई। इसमें सितंबर से अब तक बैंकों के कार्य की समीक्षा हुई। उपायुक्त ने नाबार्ड की अनुमानित ऋण योजना 2024-25 की बुकलेट का विमोचन किया।
इस मौके पर डीसी ने बैंक अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना के लिए अधिक से अधिक नागरिकों का पंजीकरण कराया जाए। योजना के तहत 18 से 70 वर्ष के बीच के नागरिक 20 रुपये वार्षिक प्रीमियम पर बीमा करा सकते हैं। इसमें दुर्घटना में मौत होने पर परिवारीजनों को 2 लाख की आर्थिक सहायता तथा शारीरिक अपंगता होने पर एक लाख रुपये की सहायता मिलती है।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना में 436 रुपये सालाना प्रीमियम पर 2 लाख का बीमा किया जाता है। इसमें 18 से 50 वर्ष के आयु वर्ग के नागरिक अपना पंजीकरण करा सकते हैं। इसमें किसी भी कारण से मृत्यु होने पर 2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता का प्रावधान है। इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त वैशाली सिंह, लीड बैंक मैनेजर विजय सिंह, सीएमजीजीए दिवाकर कुमार, पशुपालन विभाग से उपनिदेशक डॉक्टर नसीब सिंह, आरबीआई से एलडीओ विशाल कुमार, डीडीएम नाबार्ड अभिषेक दहिया, सभी बैंक डीसीओ व विभागों के अधिकारी मौजूद थे।