नांगल चौधरी। दुर्गा अष्टमी पर कस्बे सहित क्षेत्र में विभिन्न जगहों पर लोगों ने कुलदेवी व दुर्गा अष्टमी पर मां के अष्टम स्वरूप मां महागौरी की पूजा अर्चना कर नवरात्र संपन्न किए। लोगों ने अपने-अपने घरों में रोली, मोली, पुष्प, फल व सिंदूर सहित विभिन्न प्रकार के तैयार किए गए पकवान से पूजा अर्चना की।
मां के आठवें स्वरूप का पूजन कर परिवार की सुख-समृद्वि की मंगलकामना की। तत्पश्चात श्रद्धालुओं ने कन्याओं को अपने घर बुलाकर उनके चरण धोकर उनका पूजन किया और अपने पूरे भक्ति भाव से कन्याओं को पूरी, चने खीर सहित विभिन्न प्रकार के पकवान का भोजन करवाया। भोजन करने के बाद कन्याओं को एक पेन व किताब के साथ कई तरह के उपहार देकर उनके पैर छूकर आशीर्वाद लिया। वहीं मंदिरों से लेकर घरों तक भजन-कीर्तन का दौर चला। वहीं आसपास के देवी मंदिरों में सुबह से लेकर शाम तक माता के दर्शनों के लिए भक्तों का तांता लगा रहा।