संवाद न्यूज एजेंसी
नारनौल। नारनौल के नजदीकी गांव में एक व्यक्ति को कम आवाज में गाने बजाने की बात कहनी महंगी पड़ गई। इसके बाद पीड़ित के घर पर 4 लोग आए मारपीट करने लग गए। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस शिकायत में खासपुर निवासी दीवान ने बताया कि वह 24 नवंबर की रात करीब 8 बजे मजदूरी कर घर आया था। इस दौरान उनका पड़ोसी सिकंदर अपने घर पर तेज आवाज में स्पीकर पर गाना बजा रहा था। वह उनके घर जाकर स्पीकर की आवाज कम करने की बात कह कर लौट आया। इसके कुछ देर बाद उनके घर पर सिकंदर, जयभगवान, शीशराम, रतन सिंह आये और आते ही उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। पुलिस शिकायत में बताया कि सिकंदर ने आते ही उसपर हमला कर दिया। आरोप है कि उसने मुक्का मारकर उसका दांत तोड़ दिया। शोर सुनकर उनके पड़ोसी रामअवतार, बबलू ने बीच बचाव करवाया। घायल को नारनौल के नागरिक अस्पताल में दाखिल करवाया गया। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर 4 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।