गांव मालड़ा में जली गेहूं की फसल व खड़ी दमकल विभाग की गाड़ी।
महेंद्रगढ़। क्षेत्र के गांव मालड़ा में बिजली लाइन से शॉर्ट सर्किट होने के कारण लगी आग से किसान की एक एकड़ फसल जलकर राख हो गई। शुक्रवार दोपहर 2.30 बजे किसान देशराज के खेत में आग लग गई। किसान द्वारा गांव बवाना के नजदीक पंचायत भूमि को पट़्टे पर लेकर गेहूं की बिजाई की गई थी। गनीमत रही कि आसपास खेतों में काम करने वाले किसान भी मौके पर पहुंच गए। पास ही खेतों की जुताई कर रहे ट्रैक्टर चालक की मदद से सुखी गेहूं की फसल में हैरो चलाकर आग को बढ़ने से रोक दिया। सूचना के महज 20 मिनट बाद दमकल विभाग की गाड़ी भी मौके पर पहुंच गई तथा आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया।
किसान देशराज ने बताया कि कुछ दिन पूर्व उन्होंने बिजली विभाग के कर्मचारियों को मौखिक रूप से तारों को ठीक करने की मांग की थी। लेकिन विभाग के कर्मचारियों द्वारा ढीले तारों को नहीं खींचा गया। तेज हवा के झोकों के साथ तार आपस में मिलने से फाल्ट हो गया जिसके बाद निकली चिंगारियों से आग लग गई। आग लगने के कारण करीब एक एकड़ की फसल सवाह हो गई।