नारनौल। नारनौल में लगातार मौसम में बदलाव और तापमान में उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। हालांकि संपूर्ण इलाके में गर्मी अपने तेवर दिखा रही है।
आने वाले 24 घंटों में संपूर्ण इलाके में एक बार फिर से बदलाव देखने को मिलेगा और आमजन को लू और प्रचंड गर्मी से राहत के आसार बन रहे हैं। मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्र मोहन ने बताया कि 10 मई की रात एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से संपूर्ण इलाके में 11 से 14 मई के दौरान मौसम में बदलाव के साथ हल्की बारिश और एक दो स्थानों पर ओलावृष्टि की गतिविधियों की संभावना बन रही है। भारतीय मौसम विभाग ने इस दौरान संपूर्ण इलाके पर येलो अलर्ट जारी कर दिया है। वीरवार को मौसम शुष्क और साफ बना रहा धूप की तपिश बढ़ी साथ ही साथ दक्षिणी पूर्वी हवाएं चलने से संपूर्ण इलाके में तापमान में ज्यादा बढ़ोतरी नहीं हुई। नारनौल और महेंद्रगढ़ का दिन का तापमान क्रमश: 40.0 और 41.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि नारनौल और महेंद्रगढ़ का रात्रि तापमान क्रमश: 27.0 और 26.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। नमी वाली हवाएं चलने से संपूर्ण इलाके में आमजन को उमसभरी भरी पसीना वाली गर्मी से सामना करना पड़ा।