नारनौल। सक्रिय मौसम प्रणाली के चलते शनिवार को एक बार फिर से मौसम ने करवट ली है। इसके चलते आज दिनभर बादलवाही देखने को मिली, जिससे ठंड बढ़ गई। वहीं न्यूनतम तापमान भी 10.8 डिग्री पर पहुंच गया है। वहीं, अधिकतम तापमान भी 25 डिग्री दर्ज किया गया। इस दौरान वायु गुणवत्ता सूचकांक एक बार फिर से बढ़ने लगा है। शनिवार दोपहर के समय खेतों में स्मॉग की परत देखने को मिली। नारनौल का वायु गुणवत्ता सूचकांक 226 पर पहुंच गया।
मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन ने बताया कि 25 नवंबर को एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से शनिवार को क्षेत्र में बादलवाही देखने को मिली। इसके चलते 27 नवंबर तक आंशिक बादलवाही के साथ हरियाणा एनसीआर दिल्ली पर सीमित स्थानों पर बूंदाबांदी और तेज गति से हवाएं चलने की संभावना है। इससे तापमान में गिरावट के साथ सुबह के समय हल्का कोहरा व वायु प्रदूषण से भी निजात मिलेगी। शुक्रवार को जहां नारनौल का वायु गुणवत्ता सूचकांक 304 पहुंच गया था। शनिवार को नारनौल वायु गुणवत्ता सूचकांक 226 दर्ज किया गया। इस मौसम प्रणाली द्वारा उत्तरी पर्वतीय क्षेत्रों पर भारी मात्रा में बर्फबारी होने से 28 नवंबर से मैदानी राज्यों विशेषकर हरियाणा एनसीआर दिल्ली में तापमान में गिरावट और ठंड अपने तीखे तेवरों से आगाज करेगी। इस दौरान हवाओं में बदलाव से एक बार फिर वायु प्रदूषण का खात्मा होगा। वहीं जैसे ही मौसम प्रणाली आगे निकल जाएगी वैसे ही एक बार फिर से इलाके में उत्तरी हवाएं आगाज करेगी। इससे धुंध कोहरा का प्रभाव देखने को मिलेगा।