महेंद्रगढ़। पिछले दो दिनों से मौसम में हो रहे बदलावों एवं हल्की बूंदाबांदी ने किसानों की परेशानियां बढ़ा दी हैं। शुक्रवार सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे। सुबह 10 बजे एवं शाम छह बजे हल्की बूंदाबांदी हुई। दो दिन से आसमान में काली घटाएं छाने से ओलावृष्टि की आशंका के चलते किसानों की धड़कनें भी लगातार बढ़ रही हैं। वहीं मौसम विभाग द्वारा आगामी 21 मार्च तक मौसम परिवर्तनशील व हल्की बूंदाबांदी की संभावना जताई जा रही है। इस समय क्षेत्र में सरसों की कटाई तेजी से चल रही है। ऐसे में अगर बारिश होती है तो किसानों के सभी प्रकार के कार्य चार से पांच दिन तक प्रभावित हो सकते हैं। जिला में इस बार 225750 एकड़ में खड़ी सरसों की करीब 70 प्रतिशत कटाई पूरी की जा चुकी है लेकिन अभी फसल में नमी होने के कारण थ्रेसिंग शुरू नहीं हो पाई है। ऐसे में अगर बारिश हुई तो किसानों की परेशानी ओर अधिक बढ़ जाएगी।