गांव धनौंदा में ग्रामीणों को संबोधित करते जजपा युवा प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र सांगवान।
कनीना। जननायक जनता पार्टी(जजपा) की ओर से एक बूथ-एक योद्धा कार्यक्रम के तहत बुधवार अटेली विधानसभा के गांव धनौंदा, गणियार, रातां, ककराला, इसराणा, मोहनपुर व चेलावास में जनसभा की गई। इस दौरान जजपा युवा प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र सांगवान मुख्य वक्ता रहे। इस दौरान उनके साथ जजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष अभिमन्यू राव भी मौजूद रहे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता युवा हलका अध्यक्ष महिपाल नंबरदार ने की। प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र सांगवान ने कहा कि एक बूथ-एक यौद्धा कार्यक्रम का उद्देश्य पार्टी को बूथ स्तर पर मजबूत करना है। जब बूथ मजबूत होगा तो गांव व हलका मजबूत होगा, तभी विधायक और फिर सरकार बनती है। युवाओं की हर गांव में टीम मजबूत स्थिति में है, उन्हें केवल संगठित करने की जरूरत है।
उन्होंने युवाओं से कहा कि जजपा संगठन साल 2018 में बना था। सबकी सोच है कि प्रदेश का मुख्यमंत्री युवा बने ताकि युवाओं के दुख-दर्द को समझ सके और उन्हें बेरोजगारी से मुक्ति दिला सके। 36 साल का युवा जिस ऊर्जा से काम कर सकता है, उसी ऊर्जा से 55 साल का व्यक्ति नहीं कर सकता। उन्होंने बाघोत कट का उदाहरण देते हुए कहा कि डिप्टी सीएम ने लंबी चली आ रही इस समस्या का महज 12 दिन में समाधान कर दिया। कार्यक्रम के दौरान अटेली युवा हलका अध्यक्ष महिपाल नंबरदार ने भी युवाओं को संगठित होने के लिए प्रेरित किया। इस मौके पर हलका अध्यक्ष कुलदीप कलवाड़ी, सुरेश शास्त्री, युवा जिलाध्यक्ष युद्धवीर पालड़ी, जिला पार्षद सचिन, युवा प्रदेश कार्यालय सचिव नवीन राव, पंचायती राज प्रकोष्ठ के अध्यक्ष बेदू रातां, डा. राजकुमार, दिग्विजय शेखावत, सतीश चौधरी, सुमन कारिया, संदीप माजरा, रमेश इसराणा, राजेश सैनी सहित अनेक कार्यकर्ता व ग्रामीण मौजूद रहे।