महेंद्रगढ़। राष्ट्रीय विधिक सेवा दिवस पर मंगलवार को गांव डुलाना में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें ग्रामीणों को कानूनी अधिकारों, निशुल्क विधिक सहायता और न्याय पाने की प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी गई। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण नारनौल की सचिव एवं न्यायिक दंडाधिकारी नीलम कुमारी के आदेशानुसार तथा उपमंडल विधिक सेवा समिति महेंद्रगढ़ के अध्यक्ष एवं एसडीजेएम विक्रांत के मार्गदर्शन में कार्यक्रम हुआ। अधिवक्ता योगेंद्र सिंह ने बताया कि हर साल 9 नवंबर को राष्ट्रीय विधिक सेवा दिवस मनाया जाता है। इसका उद्देश्य सभी को समान न्याय दिलाना है। विधिक सेवक विजय सिंह ने बताया कि गरीब, महिलाएं, बच्चे, वरिष्ठ नागरिक, दिव्यांग और बीपीएल परिवारों सहित पात्र लोगों को निशुल्क वकील की सुविधा दी जाती है। नारनौल, महेंद्रगढ़ और कनीना न्यायालय परिसरों में फ्रंट ऑफिस बनाए गए हैं, जहां लोग कानूनी सलाह और सहायता ले सकते हैं। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। संवाद