महेंद्रगढ़/आकोदा। गांव बसई की समस्याओं को लेकर ग्रामीणों ने शुक्रवार से डॉ. भीमराव आंबेडकर चौक पर अनशन शुरू कर दिया है।
गांव के 64 वर्षीय शैतान सिंह ने बताया कि पंचायत का कार्यकाल भंग होने के बाद गांव में समस्याओं को अंबार लगा है। कई बार अधिकारियों को समस्याओं के बारे में अवगत कराया जा चुका है। लेकिन कोई समाधान नहीं हो रहा है। शीघ्र ही गांव की मुख्य समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो बड़े स्तर पर आंदोलन की रूपरेखा तैयार की जाएगी। गांव में जगह-जगह गंदगी के ढ़ेर लगे है जिससे बीमारियां फैलने का डर बना हुआ है। गांव के मध्य में बने जोहड़ में 25 साल से गंदा पानी भर रहा है। जोहड़ की चाहरदीवारी पूरी तरह से टूट चुकी है। जोहड़ में डूबने से कई लोगों व पशुओं की मौत हो चुकी है तथा कई वाहन चालक भी जोहड़ में गिर चुके है।
ग्रामीणों ने बताया कि जोहड़ के साथ लगते गांव खेल मैदान व एससी बस्ती में काफी समय से जोहड़ का गंदा पानी भरा हुआ है जिससे ग्रामीणों को परेशानी उठानी पड़ रहीं है। गांव की प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का भवन भी दस वर्ष से क्षतिग्रस्त पड़ी है। अस्पताल में चिकित्सक के बैठने के लिए भी कोई जगह तक नहीं है। आयुर्वेदिक अस्पताल पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो चुका है। विभाग के पास ग्रांट होने के बावजूद भी अस्पताल का निर्माण नहीं कराया जा रहा है।
ग्रामीण पिछले दो वर्ष से समस्याओं के समाधान के लिए अधिकारियों के चक्कर लगा रहें है। लेकिन उनकी कोई सुनवाई नहीं हो रहीं। जब तक उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हो जाता तब तक आमरण अनशन पर रहेंगे। इस मौके पर राकेश तंवर, मास्टर गोबिंद, दलीप शेखावत, जोगिंद्र फौजी, राजकुमार शर्मा, सुनील तंवर, लालसिंह, सुंदर, रोहित, मुकेश शर्मा, राजेश तंवर, विपिन प्रधान, सोनू तंवर, बजरंग राजपूत, विक्रम सिंह, चंद्रपाल तंवर, रामसिंह, जितेंद्र तंवर, एडवोकेट मनोज, रविंद्र प्रधान, भूपसिंह, जगदीश महायच व रामसिंह आदि मौजूद रहे।