नारनौल। धौलेड़ा गांव की युवती और बीगोपुर गांव के युवक के प्रेम विवाह से दो गांव के बीच उपजा विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। प्रेमी युगल की शादी से नाराज पंचायत ने धौलेड़ा गांव में बिगोपुर के लोगों का प्रवेश रोक दिया है। इससे लोगों के काम धंधे चौपट हो गए हैं। बुधवार को बिगोपुर गांव के लोग जिला पुलिस अधीक्षक से मिले। उन्होंने धौलेड़ा गांव में प्रवेश के लिए रास्ता मांगा।
बिगोपुर के ग्रामीणों ने एसपी अर्श वर्मा को बताया कि प्रेमी युगल की शादी के बाद से पंचायत ने उनके गांव के लोगों का धौलेड़ा गांव में प्रवेश रोक दिया है। दोनों गांव पास-पास ही हैं। इनमें एक किलोमीटर का भी अंतर नहीं है। इसलिए दोनों गांव का बस अड्डा, बैंक, दुकान सब धौलेड़ा गांव में है। पंचायत के प्रतिबंध लगाने के बाद से जिनकी दुकानें धौलेड़ा में हैं, वह भी डर के मारे व्यापार नहीं कर पा रहे हैं। वहीं, विभिन्न शिक्षण संस्थानों में पढ़ने वाले बच्चों को भी परेशानी हो रही है। एसपी ने उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। इस मौके पर ग्रामीण हेमंत कुमार, दयाराम, महावीर आदि मौजूद रहे।