जनस्वास्थ्य विभाग के एक्सईएन से मिलते गांव दुलोठ अहीर के ग्रामीण
महेंद्रगढ़। गांव दुलोठ अहीर ग्राम पंचायत में पानी की समस्या को लेकर सोमवार को जन स्वास्थ्य विभाग कार्यालय में पहुंचकर कार्यकारी अभियंता से मुलाकात की। ग्रामीण देवेंद्र कुमार के नेतृत्व में ग्रामीणों ने पेयजल को लेकर आ रही समस्याओं से अवगत कराया। ग्रामीणों ने कहा कि नए लगाए गए कर्मचारी समय पर जलघर नहीं पहुंच रहे हैं। साथ ही जो पानी गांव में आपूर्ति किया जाता है वह भी फिल्टर होकर नहीं आ रहा है। ग्रामीण गंदा पानी पीने को मजबूर हो रहे हैं। ग्रामीणों द्वारा पेयजल आपूर्ति के लिए जलघर चलाने वाले कर्मचारियों के तबादले की मांग भी उठाई। जन स्वास्थ्य विभाग के कार्यकारी अभियंता प्रदीप यादव ने कहा के पानी को लेकर जो भी समस्याएं आ रही हैं उनको दो माह के अंदर-अंदर दूर कर दिया जाएगा। 14 गांवों में पेयजल आपूर्ति के लिए विभाग की ओर से मंजूरी दी जा चुकी है इसके लिए विभाग द्वारा 24 करोड़ के बजट की स्वीकृति दी गई है। इस परियोजना पर जल्द ही काम शुरू किया जाएगा। इसके लिए टेंडिरिंग प्रक्रिया चल रही है पूरी होने के बाद काम शुरू कराया जाएगा जिससे आसपास के 14 गांवों में पेयजल की कोई समस्या नहीं रहेगी। इसके अलावा किसी कर्मचारी की ड्यूटि लगाकर ग्रामीणों के समक्ष आ रही छोटी-मोटी समस्याओं का शीघ्र ही समाधान कराएंगे।