महेंद्रगढ़। पिछले सात साल से महेंद्रगढ़ से कुंड जाने वाली सड़क के फोरलेने होने की उम्मीद जगी है। शनिवार को क्षेत्र के सामाजिक संगठनों व ग्राम पंचायत के लोगों ने लोक निर्माण विभाग (भवन एवं मार्ग) मंत्री डॉ. बनवारीलाल से बावल (रेवाड़ी) स्थित आवास पर मुलाकात की।
मंत्री डॉ. बनवारीलाल के समक्ष दो जिलों की चार विधानसभा क्षेत्र की 50 से अधिक गांवों की आबादी को जोड़ने वाले सड़क को फोरलेन बनाने की मांग उठाते हुए ग्रामीणों ने पत्र सौंपा। कैबिनेट मंत्री डॉ. बनवारीलाल ने लोगों को आश्वासन दिया कि वह जल्द ही मार्ग के फोरलेन को लेकर सर्वे कराया जाएगा और इस मार्ग को 18 फीट से बढ़ाकर 25 फीट किया जाएगा।
इन गांवों को जोड़ता है यह मार्ग
सात साल पहले बनाई गई सड़क महेंद्रगढ़ से वाया डुलाना, मेघनवास चौक, खेड़ा, बवानियां, सुंदरह, भोजवास, गोमला, नांगल मोहनपुर, भैरू का बास, कुंड सहित 50 गांवों के ग्रामीणों के आवागमन के लिए सुगम है। इसकी लंबाई 40 किलोमीटर है। अब यह सड़क पूरी तरह से बदहाल हो चुकी है। 50 गांवों की करीब तीन लाख की आबादी को परेशानी उठानी पड़ रही है। इस सड़क को फोरलेन करने की मांग लंबे समय से उठाई जा रही है। इसके लिए पूर्व उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला को भी गत आठ नवंबर को दिल्ली स्थित निवास पर लोगों ने ज्ञापन सौंपा था। इसके साथ ही उपायुक्त व चार विधानसभा क्षेत्र के जन प्रतिनिधियों से लगातार मांग उठाई जा रही है।
फोरलेन बनने से यह होगा लाभ
ग्रामीणों ने मंत्री को बताया कि फोरलेन तक सड़क होने से महेंद्रगढ़ शहर का पूर्व दिशा से भी राजस्थान तक सीधा जुड़ाव हो जाएगा। इस मार्ग का 152डी, राष्ट्रीय राजमार्ग-11 पर कुंड के पास, कैंटर डिपो राजस्थान राज्य के काठूवास व मनेठी में बनने वाले एम्स से सीधा जुड़ाव होगा। इसके साथ ही बावल, नीमराणा सहित अन्य औद्योगिक क्षेत्र से सीधा जुड़ाव होगा। वर्तमान में यह सड़क 18 फीट का है और यह मार्ग पूरी तरह से जर्जर हो गया है।
बड़े गांवों से बाईपास निर्माण की उठाई मांग
सामाजिक संगठनों व ग्राम पंचायत सदस्यों ने समाजसेवी रामनिवास पाटौदा के नेतृत्व में सौंपे ज्ञापन में फोरलेन के बीच पड़ने वाले बड़े गांवों में बाईपास का निर्माण करवाने की मांग भी उठाई। उन्होंने कहा कि महेंद्रगढ़ और रेवाड़ी के विकास के लिए इस सड़क को फोरलेन करने से क्षेत्र के पिछड़ेपन को दूर किया जा सकता है। इस मौके पर बिजेंद्र शर्मा नांगल जमालपुर, धर्मबीर भैरूका बास, ओमकार खेड़ा, संजय, संजीव बवानियां, बिट्टी सरपंच गोमला, धर्मबीर गोमली, हरिप्रकाश पंच सहित कई गांवों के लोग मौजूद रहे।
फोटो संख्या:51- महेंद्रगढ़ से भोजावास सड़क मार्ग जर्जर अवस्था में--स्रोत-- संवाद